० 92 मामलों में जब्त गांजा, चरस, हेरोइन, कोकीन और एमडीएमए सहित मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया से किया गया डिस्ट्रॉय
सुशीला देवी, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 267 किलो से अधिक मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज की अध्यक्षता में गठित समिति की निगरानी में 92 मामलों में जब्त गांजा, चरस, हेरोइन, कोकीन समेत विभिन्न ड्रग्स को निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिस्ट्रॉय किया गया।
267 किलो से अधिक ड्रग्स किए गए नष्ट
गुरुग्राम पुलिस ने 9 जुलाई को सेक्टर-37 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित Biotic Waste Limited में विशेष कार्रवाई करते हुए 267 किलो 466 ग्राम 634 मिलीग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज (IPS) की अध्यक्षता में गठित समिति की निगरानी में संपन्न हुई।
इन मादक पदार्थों को किया गया डिस्ट्रॉय
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में शामिल हैं—157.362 किलोग्राम गांजा,105.320 किलोग्राम पोस्ता भूसी,2.776 किलोग्राम चरस,1.008 किलोग्राम सुल्फा 853.044 ग्राम कोकीन,79.082 ग्राम स्मैक,35.040 ग्राम एमडीएमए,33.258 ग्राम हेरोइन। ये सभी मादक पदार्थ गुरुग्राम पुलिस द्वारा दर्ज 92 अलग-अलग मामलों में बरामद किए गए थे।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस न केवल तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है, बल्कि जागरूकता अभियानों के जरिए युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों से भी अवगत करा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान डीसीपी मुख्यालय डॉ. अंशु सिंगला (IPS) और एसीपी मुख्यालय मुकेश कुमार (HPS) सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि ‘नशा मुक्त गुरुग्राम’ के लक्ष्य को लेकर भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

