गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित सेक्टर-37डी की ‘रामप्रस्था सिटी’ में एक बार फिर लिफ्ट बंद होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोसायटी के ‘ऐज ब्लॉक’ में एक 3 साल का मासूम बच्चा अपनी घरेलू सहायिका (मेड) के साथ लिफ्ट में करीब 15 मिनट तक फंसा रहा।
चौथी और पांचवीं मंजिल के बीच अचानक तेज झटके के साथ लिफ्ट बंद हो गई, जिससे बच्चा बुरी तरह घबरा गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मेंटेनेंस और सुरक्षा टीम ने काफी मशक्कत कर लिफ्ट का दरवाजा खोला और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
चौथी और पांचवीं मंजिल के बीच लगा तेज झटका
मिली जानकारी के मुताबिक, ‘ऐज ब्लॉक’ के K-टावर की 5वीं मंजिल पर रहने वाला यह बच्चा अपनी घरेलू सहायिका के साथ नीचे जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुआ था। लिफ्ट जैसे ही चौथी और पांचवीं मंजिल के बीच पहुंची, तभी अचानक एक तेज झटका लगा और लिफ्ट रुक गई। झटका इतना जोरदार था कि बच्चा सहायिका की गोद से नीचे गिरने से बाल-बाल बचा।
मेड की फोन कॉल से परिजनों तक पहुंची खबर
लिफ्ट अचानक बंद होने के बाद घबराई मेड ने बिना समय गंवाए बच्चे के परिजनों को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में लिफ्ट के पास पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों को सूचित किया। इसके बाद सुरक्षा और मेंटेनेंस कर्मचारियों ने काफी प्रयासों के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर बच्चे और मेड को बाहर निकाला।
नियमित मेंटेनेंस पर रेजिडेंट्स ने उठाए सवाल
सोसायटी के निवासी आशुतोष ठाकुर ने बताया कि 15 मिनट तक लिफ्ट में कैद रहने के कारण मासूम बच्चा बुरी तरह डर गया था और उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रेजिडेंट्स का आरोप है कि सोसायटी में लिफ्टों के रखरखाव और नियमित मेंटेनेंस की व्यवस्था बेहद खराब है। आए दिन लिफ्टों में तकनीकी खराबी आने की शिकायतें मिलती रहती हैं।
इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्शन टीम से जांच और कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद सोसायटी के लोगों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर लिफ्टों की तकनीकी कमियों को जल्द दूर नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्शन टीम से पूरी सोसायटी की लिफ्टों की जांच कराने और लापरवाही बरतने वाली मेंटेनेंस एजेंसी पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

