गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-38 में एक महिला को मिलने के लिए बुलाकर कथित तौर पर नशीला पदार्थ देने और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने देव नाम के व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, महिला मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है और एक कंपनी में काम करती है। आरोपी देव भी एक कंपनी में कार्यरत है। महिला की उससे करीब दो साल पहले पहचान हुई थी।
सेक्टर-38 में मिलने के लिए बुलाने का आरोप
सदर थाना प्रभारी के अनुसार, महिला ने शिकायत में बताया कि 17 अक्टूबर को देव ने उसे किसी काम के सिलसिले में गुरुग्राम के सेक्टर-38 में बुलाया था। आरोप है कि वहां से वह महिला को एक पीजी को-लिविंग में ले गया और उसे नशीला पदार्थ पिला दिया।
महिला के मुताबिक, इसके बाद उसे होश नहीं रहा। जब उसे होश आया तो उसने अपने साथ गलत होने की बात कही और विरोध किया। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी और देव पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।
काउंसलिंग के बाद दर्ज हुआ केस
पुलिस ने महिला की काउंसलिंग कराने के बाद उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया। जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

