सुशीला देवी, गुरुग्राम. सेक्टर-83 में देर रात एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से दौड़ते हुए करीब पांच गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ड्राइवर नशे में था। हादसे में पीड़ित एक युवती ने उसे गाड़ी से बाहर निकलने के बाद थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

रॉन्ग साइड से आई स्कॉर्पियो, पांच गाड़ियों को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात स्कॉर्पियो सेक्टर-83 की मुख्य सड़क पर गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही थी। ड्राइवर का गाड़ी पर नियंत्रण नहीं था। कुछ ही देर में उसने सड़क पर चल रही और किनारे खड़ी करीब पांच गाड़ियों को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त होकर रुक गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने गाड़ी को घेर लिया।

गाड़ी से बाहर निकलते ही लड़खड़ाने लगा ड्राइवर

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ड्राइवर की हालत देखकर लोगों को उसके नशे में होने का शक हुआ। वह खुद से गाड़ी का दरवाजा खोलने और नीचे उतरने में भी परेशानी महसूस कर रहा था। बाहर आने के बाद भी वह ठीक से खड़ा नहीं हो पा रहा था और बार-बार लड़खड़ा रहा था।

गुस्साई युवती ने ड्राइवर को जड़े थप्पड़

हादसे में प्रभावित एक कार सवार युवती ड्राइवर की हालत देखकर भड़क गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की टक्कर से युवती की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई थी। ड्राइवर के बाहर निकलते ही युवती ने उसे थप्पड़ मारने शुरू कर दिए और सड़क पर लोगों की जान खतरे में डालने को लेकर खरी-खोटी सुनाई।

मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने युवती का समर्थन किया, जबकि कुछ ने स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए बीच-बचाव की कोशिश की। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।

डायल 112 पर कॉल करने की कोशिश, बाद में पहुंची पुलिस

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना देने के लिए आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करने की कोशिश की। हालांकि, मोबाइल नेटवर्क में दिक्कत के कारण संपर्क नहीं हो सका। बाद में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

इस मामले में खेड़की दौला थाना पुलिस से आधिकारिक जानकारी लेने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से जानकारी नहीं मिल सकी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसमें ड्राइवर की लड़खड़ाती हालत और युवती द्वारा उसे थप्पड़ मारने का दृश्य दिखाई देता है। वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया।

हालांकि, युवती की अपील के बाद कई सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने वीडियो हटा दिया। मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई की जानकारी नहीं मिल सकी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m