गुरुग्राम। शनिवार रात तावडू रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में मोहित और पंकज की मौत हो गई, जबकि उनका साथी मुकुल गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक ड्यूटी खत्म करने के बाद घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हादसा बिलासपुर थाना क्षेत्र में ई-कॉम लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस के पास रात करीब 9 बजे हुआ। तीनों युवक तावडू के जौरासी गांव के रहने वाले थे और इसी वेयरहाउस में काम करते थे।

सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे तीनों दोस्त

जौरासी गांव के रहने वाले संजय ने बिलासपुर थाना पुलिस को शिकायत दी है। संजय के मुताबिक, मोहित, पंकज और मुकुल शनिवार को अपनी शिफ्ट खत्म होने के बाद वेयरहाउस से बाहर निकले थे। घर जाने से पहले तीनों सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बात कर रहे थे।

आरोप है कि इसी दौरान तावडू रोड की तरफ से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों युवक दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में दो युवकों को मृत घोषित किया

हादसे के बाद वेयरहाउस के कर्मचारियों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। घायलों को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मोहित और पंकज को मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक मुकुल की हालत गंभीर बताई गई है। उसका इलाज चल रहा है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने पर बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजे। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

बिलासपुर थाना प्रभारी के मुताबिक, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या के मामले में केस दर्ज किया गया है। पुलिस दुर्घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m