गुरुग्राम। सेक्टर-12ए स्थित ऑटोमोबाइल मार्केट में 30 अगस्त को ‘सिद्धदाता टायर्स’ दुकान से महंगे अलॉय व्हील डलवाकर ट्रायल के बहाने काले रंग की वरना कार लेकर भागे युवक के परिजनों ने पीड़ित दुकानदार से माफी मांग ली है। दुकान मालिक दीपक चौधरी द्वारा सेक्टर-14 थाने में शिकायत देने, सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर डालने और पहचान बताने वाले को 5 हजार रुपये इनाम की घोषणा करने के बाद आरोपी के परिजन गुरुग्राम पहुंचे। परिजनों ने अपनी गलती मानते हुए करीब 1 लाख 20 हजार रुपये का पूरा भुगतान करने की बात कही है, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।

ट्रायल के बहाने कर्मचारी को रास्ते में उतारा

घटना 30 अगस्त की है, जब एक युवक अपनी काले रंग की हुंडई वरना कार में नए और महंगे अलॉय व्हील डलवाने सिद्धदाता टायर्स दुकान पर आया था। कर्मचारियों ने उसकी पसंद के अलॉय व्हील कार में फिट कर दिए। इसके बाद युवक ने व्हील्स की परफॉर्मेंस जांचने के लिए कार को ट्रायल पर ले जाने की बात कही। दुकान मालिक दीपक चौधरी ने सुरक्षा के लिहाज से अपने एक कर्मचारी को युवक के साथ गाड़ी में बैठाकर भेज दिया।

धमकी देकर रास्ते में उतारा और हो गया रफूचक्कर

गाड़ी में बैठने के बाद कुछ ही दूरी पर आरोपी ड्राइवर ने कर्मचारी को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। उसने डरा-धमकाकर कर्मचारी को बीच सड़क पर ही गाड़ी से नीचे उतरने पर मजबूर कर दिया। कर्मचारी के कुछ समझने या शोर मचाने से पहले ही आरोपी काले रंग की वरना कार को तेज रफ्तार में भगाकर ले गया।

सीसीटीवी फुटेज और 5 हजार के इनाम का असर

वारदात के बाद दुकान मालिक दीपक चौधरी ने तुरंत सेक्टर-14 पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकालकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। मालिक ने सोशल मीडिया के जरिए ऐलान किया कि आरोपी युवक की पहचान बताने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

दोनों पक्षों के बीच हुआ समझौता

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और इनाम की घोषणा के बाद आरोपी के परिजन खुद गुरुग्राम पहुंचे। परिजनों ने पीड़ित दुकानदार दीपक चौधरी से मुलाकात कर अपनी गलती मानी और करीब 1 लाख 20 हजार रुपये की पूरी पेमेंट चुकाने की बात कही। दुकान मालिक दीपक चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच अब समझौता हो गया है और आरोपी पक्ष पूरी रकम देने के लिए तैयार है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m