गुरुग्राम। शहर के कई इलाकों में 23 अक्टूबर से पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) सेक्टर-16 स्थित बूस्टिंग स्टेशन पर नए पंप हाउस के निर्माण के लिए अपग्रेडेशन कार्य करेगा। इसके चलते मास्टर वाटर सप्लाई सिस्टम 23 अक्टूबर सुबह 10 बजे से 24 अक्टूबर शाम 6 बजे तक बंद रहेगा। जीएमडीए ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से पहले से पानी की व्यवस्था करने और सोच-समझकर इस्तेमाल करने की अपील की है।
DLF, साइबर सिटी और उद्योग विहार समेत इन इलाकों में असर
जीएमडीए के अनुसार, शटडाउन से शहर के कई सेक्टरों और रिहायशी इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होगी। प्रभावित क्षेत्रों में गांव बसई, कादीपुर, सरहौल, चकरपुर, नाथूपुर, सिकंदरपुर, सुखराली और गौशाला बूस्टर शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-34, 37, सिविल लाइंस, हंस एन्क्लेव और सेक्टर-10ए में भी पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। सेक्टर-14, 15, 16, 17, 18, 27, 28, 29, 30, 31, 32, 38, 39, 40, 41 और 43 भी प्रभावित क्षेत्रों की सूची में हैं। सेक्टर-45 और 46 के कुछ हिस्सों में भी पेयजल आपूर्ति पर असर पड़ेगा।
DLF फेज-1 से 4 और सुशांत लोक-1 भी प्रभावित
प्रभावित इलाकों में डीएलएफ फेज-1 से 4, साइबर सिटी, उद्योग विहार फेज-1 से 5, साउथ सिटी-1, सुशांत लोक-1 और एमजी रोड भी शामिल हैं।
22 से 24 अक्टूबर तक पानी का सोच-समझकर करें इस्तेमाल
जीएमडीए ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से 22 से 24 अक्टूबर तक पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि शटडाउन के दौरान घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त पानी पहले से जमा कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। पंप हाउस के अपग्रेडेशन कार्य के कारण 23 अक्टूबर सुबह 10 बजे से 24 अक्टूबर शाम 6 बजे तक मास्टर वाटर सप्लाई सिस्टम बंद रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

