कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के जिला अस्पताल मुरार में जन्म प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में काउंटर पर बैठा कर्मचारी कथित तौर पर आवेदक से पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं भविष्य में ऐसी शिकायतें न हों, इसके लिए जन्म प्रमाण पत्र कार्यालय को ऐसी जगह शिफ्ट किया जा रहा है, जहां पूरी पारदर्शिता के साथ निगरानी रखी जा सके।
जिला अस्पताल मुरार में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर रिश्वत लेने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि प्रमाण पत्र बनाने के एवज में आवेदकों से 1500 से 2000 रुपये तक वसूले जा रहे थे। वायरल वीडियो में एक कर्मचारी करीब 1500 रुपये लेते हुए नजर आ रहा है। आरोप यह भी है कि जो लोग पैसे नहीं देते थे, उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने के लिए मजबूर किया जाता था।
ये भी पढ़ें: ‘अभी समझा रहे हैं, नहीं सुधरे तो सख्ती होगी’, ग्वालियर में बारिश से पहले हाईकोर्ट सख्त, जलभराव पर निगम से मांगी रिपोर्ट
वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है, अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं> विभाग का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी तय किया गया है कि जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले कार्यालय को ऐसी जगह संचालित किया जाएगा। जहां सीसीटीवी निगरानी, पारदर्शी व्यवस्था और अधिकारियों की सीधी मॉनिटरिंग हो सके, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी या अवैध वसूली का सामना न करना पड़े।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

