कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ऑनलाइन गेम की लत बच्चों को किस कदर अपना शिकार बना रही है, इसका एक बड़ा उदाहरण ग्वालियर में सामने आया है। यहां मेहरा कॉलोनी का रहने वाला एक 15 साल का नाबालिग लड़का ‘फ्री फायर’ गेम के चक्कर में अचानक अपने घर से लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत के बाद हरकत में आई ग्वालियर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत जांच शुरू की। तकनीकी इनपुट और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को पता चला कि बच्चा ट्रेन पकड़कर दिल्ली की तरफ गया है। आखिरकार करीब 11 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद ग्वालियर पुलिस ने इस नाबालिग को हरियाणा के जींद जिले से सकुशल बरामद कर लिया है और अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: दूसरी लड़की के साथ होटल में रंगरलियां मना रहा था पति, खुद को कुंवारा बताकर मांग में भरा सिंदूर, पत्नी ने रंगे हाथों दबोचा

30 जून को अचानक गायब हुआ मासूम

यह पूरी दास्तान ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र की मेहरा कॉलोनी से शुरू होती है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। दरअसल 30 जून को मेहरा कॉलोनी की एक बेबस मां थाटीपुर थाने पहुंचती है और रोते हुए शिकायत दर्ज कराती है कि उनका 15 साल का बेटा अचानक गायब हो गया है। परिजनों ने रिश्तेदारों से लेकर हर संभावित जगह पर खाक छानी, लेकिन मासूम का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

जब पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की तो एक चौंकाने वाली बात सामने आई। वह नाबालिग लड़का ऑनलाइन गेम ‘फ्री फायर’ की खतरनाक लत का शिकार हो चुका था और इसी गेम के चक्कर में वह बिना बताए घर छोड़कर भाग निकला था।

CCTV फुटेज और ‘केरल एक्सप्रेस’ का वो सुराग… जिसने पुलिस को दौड़ाया!

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर एसएसपी (SSP) धर्मवीर सिंह ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने थाटीपुर पुलिस, क्राइम ब्रांच और सायबर/तकनीकी सेल की एक हाई-टेक संयुक्त टीम का गठन किया।

पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के सैकड़ों सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले। आखिरकार एक फुटेज में वह नाबालिग अकेले स्टेशन की तरफ बढ़ता दिखाई दिया।

तकनीकी जांच में पता चला कि लड़का प्लेटफॉर्म नंबर-2 से दिल्ली की ओर जाने वाली ‘केरल एक्सप्रेस’ में सवार हो चुका था। इसके बाद ग्वालियर पुलिस ने जीआरपी और आरपीएफ का पूरा नेटवर्क एक्टिव कर दिया।

11 दिन की तलाश और हरियाणा के ‘ताज होटल’ के पास पड़ा छापा

लगातार बदलते तकनीकी इनपुट और सायबर सेल की मुस्तैदी से आखिरकार पुलिस को लापता बच्चे की सटीक लोकेशन मिल गई। पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि नाबालिग लड़का मध्य प्रदेश की सीमाएं लांघकर हरियाणा के जींद जिले के अलेवा क्षेत्र में छिपा हुआ है।

सूचना मिलते ही ग्वालियर पुलिस की स्पेशल टीम बिना वक्त गंवाए हरियाणा के लिए रवाना हुई। 11 जुलाई को टीम ने अलेवा क्षेत्र में स्थित ‘ताज होटल’ के पास घेराबंदी की और उस 15 साल के मासूम को सकुशल अपने संरक्षण में ले लिया।

ये भी पढ़ें: खाकी पर सरेआम हमला! प्लेटफार्म पर अचानक डंडे भांजने लगा सनकी, वीडियो के पीछे का खौफनाक सच…

परिजनों की आंखों में आए खुशी के आंसू, अब CWC के सामने होगी पेशी

अपने कलेजे के टुकड़े को 11 दिन बाद सही-सलामत देखकर परिजनों के आंसू छलक पड़े। उन्होंने ग्वालियर पुलिस की इस त्वरित, संवेदनशील और जांबाज कार्रवाई की दिल से सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार जताया है। फिलहाल, ग्वालियर पुलिस अब नियमानुसार इस बालक को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश कर आगे की काउंसलिंग और कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m