कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शादी का झांसा देकर म्यांमार मूल की युवतियों को अवैध तरीके से भारत लाने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ था। इसके बाद अब चारों युवतियों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्वालियर से छह सदस्यीय विशेष टीम चारों युवतियों को लेकर बांग्लादेश के लिए रवाना हो चुकी है। युवतियों को BSF के हवाले किया जाएगा, जहां से उन्हें बांग्लादेश के रिफ्यूजी कैंप भेजने की तैयारी है। इस पूरे मामले में दो ऐसे विदेशी तस्कर भी पकड़े गए थे, जो हैदराबाद में शरणार्थी बनकर रह रहे थे।
ये है पूरा मामला
दरअसल, मामला तब सामने आया जब भोपाल स्थित GRP कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि स्वर्णजयंती एक्सप्रेस में कुछ संदिग्ध यात्रा कर रहे हैं। सूचना पर GRP ग्वालियर की टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रेन से मुबीन नाम के युवक को पकड़ा। आरोपी मूल रूप से म्यांमार का रहने वाला है और हैदराबाद में रह रहा था। पूछताछ में उसने अपने साथी मोहम्मद हसन के साथ मिलकर म्यांमार की चार युवतियों को अवैध तरीके से भारत लाने और उनकी शादी कराने की बात कबूल की।
ये भी पढ़ें: नागपुर से पकड़ाया दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी, उज्जैन लाते समय कार से कूदा; ब्रिज से गिरने पर टूटे हाथ-पैर
इसके बाद पुलिस ने अलीगढ़ से मोहम्मद हसन और उसके साथ मौजूद चारों युवतियों को भी हिरासत में लिया था। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी युवतियों को शादी कराने के नाम पर भारत लेकर आए थे। युवतियां हिंदी नहीं बोल पाती थीं, इसलिए पूछताछ में गूगल ट्रांसलेटर की मदद लेनी पड़ी। युवतियों ने बताया था कि वे नदी और पहाड़ों के रास्ते सीमा पार कर भारत में दाखिल हुई थीं।
उठे ये गंभीर सवाल
इस मामले में अब अगली कार्रवाई के तहत ग्वालियर GRP की छह सदस्यीय विशेष टीम चारों युवतियों को लेकर रवाना हुई है। टीम उन्हें बांग्लादेश सीमा तक ले जाएगी, जहां BSF के हवाले करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद उन्हें बांग्लादेश के रिफ्यूजी कैंप भेजा जाएगा। फिलहाल इस पूरे मामले ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर मानव तस्करी और शादी के नाम पर विदेशी युवतियों को भारत लाने वाले नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच एजेंसियों की नजर इस बात पर भी होगी कि इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और इसके पीछे सक्रिय गिरोह तक कैसे पहुंचा जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

