प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन पुलिस ने तीन माह पहले हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। नीलगंगा चौराहा पर हुए दोहरे हत्याकांड में दो सगे भाइयों की धारदार हथियार व गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं एक चचेरे भाई पर प्राण घातक तक हमला किया गया था। मृतक शहर के चर्चित व रसूखदार परिवार से आते थे। इस दोहरे हत्याकांड से शहर में दहशत का माहौल हो गया था। इस पूरे मामले में पुलिस ने कुल 23 आरोपियों को चिन्हित किया है। जिसमें से अब तक 19 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। चार आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।
उज्जैन पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी रोहित पिता राकेश पासी को दबोच लिया है। गिरफ्तार हुए आरोपी को जब पुलिस नागपुर से उज्जैन ला रही थी तभी उज्जैन सीमा में गरोठ बाईपास रोड पर पुलिस की गाड़ी खराब हो गई। इसी दौरान आरोपी गाड़ी में से कूद कर ब्रिज पर भागा। पुलिस के पीछा करने के दौरान आरोपी ब्रिज से कूद गया, जिसकी वजह से पैर में गंभीर चोट आई है। वहीं शरीर के अन्य जगहों पर भी चोंट लगी है। आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें: ड्यूटी छोड़ बदमाश के साथ जाम छलकाने पहुंचे पुलिसकर्मी! CCTV में कैद तस्वीरों के बाद जांच के आदेश
दरअसल, नीलगंगा चौराहा पर 18 जुलाई की रात्रि करीब 11 बजे क्षेत्र में ही रहने वाले पासी गुट ने पुरानी रंजिश के चलते भाजपा से जुड़े गौरकर परिवार पर हमला कर दिया था। हमले में धारदार हथियार व पिस्तौल का उपयोग किया गया। हमले में दो सगे भाई लोकेश गोरकर और जय गोरकर की मौके पर ही हत्या हो गई थी। वही अन्य रिश्तेदारों में चचेरा भाई तपन गौरकर व उसके पिता दिलीप राव गोरकर गंभीर घायल हो गए थे। हत्या के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल हो गया। मामले में पुलिस ने पासी गुट की ओर से कुल 23 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। अब तक 19 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। वहीं 4 आरोपी अब भी फरार है।
आज गिरफ्तार हुए आरोपी के संबंध में नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि नीलगंगा चौराहा पर दो हत्या एक साथ हुई थी। जिसके एक आरोपी रोहित पिता राकेश पासी जो कि जबरन कालोनी में रहता है, उसे नागपुर से गिरफ्तार कर उज्जैन पुलिस ला रही थी। गरोठ बाईपास के पास पुलिस की गाड़ी खराब हुई तो मैकेनिक बुलाने के लिए इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी कूद कर भाग गया और ब्रिज पर चढ़कर छलांग लगा दी। आरोपी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

