कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक टैक्सी चालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले उसने अपने मोबाइल पर फंदे से लटकते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें पत्नी, बहन और बहनोई पर मानसिक प्रताड़ना देने और झूठे दहेज प्रकरण में फंसाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर वीडियो को जांच के दायरे में लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, मामला विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिंधिया नगर महलगांव का है। मृतक की पहचान सुरेश शाक्य (42) के रूप में हुई है, जो टैक्सी चालक था। मंगलवार देर रात परिजनों ने उसे घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को सुरेश का मोबाइल मिला, जिसमें करीब एक मिनट 42 सेकेंड का वीडियो रिकॉर्ड था।

ये भी पढ़ें: 5 घंटे की जटिल सर्जरी: सिर में आरपार धंसा त्रिशूल निकाला, ठीक होने के बाद शिवम बोला- अब मैं भी डॉक्टर बनूंगा

16 साल पहले हुई थी शादी, तीन बच्चे भी

वीडियो में सुरेश ने बताया कि उसकी शादी को 16 साल हो चुके हैं और उसके तीन बच्चे हैं। उसने आरोप लगाया कि एक सप्ताह पहले पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई थी और दो दिन पहले उसके खिलाफ महिला थाने में मारपीट और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। वीडियो में उसने पत्नी के साथ उसकी बहन और बहनोई पर भी मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं और कहा कि लगातार परेशान किए जाने के कारण वह यह कदम उठा रहा है।

परिजनों ने पुलिस को बताया है कि पत्नी के घर छोड़कर जाने और एफआईआर दर्ज होने के बाद से सुरेश लगातार तनाव में था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m