कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दो बहादुर बनों ने साहस और सूझबूझ की ऐसी मिशाल पेश की है, जिसकी तारीप अब पूरी पुलिस महकमा कर रहा है। मोबाइल छीनकर भाग रहे बाइक सवार शातिर बदमाश से न सिर्फ दोनों बहनें भिड़ गई बल्कि एक्टिवा से उसका पीछा कर उसे दबोच लिया और बीच सड़क जमकर धुनाई कर दी। घटना के बाद पुलिस ने दोनों बेटियों को एसपी कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया।

ये भी पढ़ें: ‘लक्ष्य तय करो…’, शहडोल कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने ली 11वीं की क्लास, सही जवाब पर थपथपाई छात्रा की पीठ

मोबाइल छीनकर भागा बदमाश, एक्टिवा से किया पीछा

दरअसल कॉलोनी मुरार की रहने वाली आशिता और राशिता दोनों बहनें एक्टिवा से पड़ाव पुल से होते हुए माधव कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए एक शातिर बदमाश ने मोबाइल छीना और बाइक दौड़ाकर फरार होने लगा।

आमतौर पर ऐसी घटना के बाद लोग मदद के लिए पुलिस को फोन करते हैं लेकिन इन दोनों बहनों ने बदमाश का पीछा करने की ठान ली। दोनों बहनों ने अपनी एक्टिवा बदमाश की बाइक के पीछे दौड़ा दी।

मानस भवन के पास दबोचा, जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंपा

पीछा करते-करते दोनों बहनों ने मानस भवन के पास बदमाश को घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद दोनों ने आरोपी की जमकर धुनाई की, जिससे उसकी सारी हेकड़ी निकल गई। धुनाई के बाद दोनों बहनों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पड़ाव थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

ये भी पढ़ें: अस्पताल के अंदर पहुंचने से पहले ही… सतना में 108 एंबुलेंस के अंदर हुआ वो चमत्कार, जिसकी किसी को नहीं थी उम्मीद!

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, SSP ने किया सम्मानित

बहनों की इस बहादुरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो ग्वालियर पुलिस ने दोनों बहनों को SP कार्यालय बुलाया,जहां SSP धर्मवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों की हिम्मत और सूझबूझ की तारीफ करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

पुलिस ने दोनों बहनों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी हिम्मत ने न सिर्फ मोबाइल लूटने वाले आरोपी को पकड़वाने में मदद की, बल्कि ऐसी घटनाओं के खिलाफ लोगों में जागरूकता और साहस का संदेश भी दिया है। ग्वालियर की इन दोनों बहनों ने साबित कर दिया कि अगर हौसला मजबूत हो, तो बदमाश कितना भी शातिर क्यों न हो, उसे कानून के हवाले किया जा सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m