Tejashwi Yadav: इंडिया गठबंधन की ओर से कल सोमवार (12 अक्टूबर, 2026) को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया गया। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद तेजस्वी यादव राहुल गांधी के बुलावे पर नई दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने इंडिया (INDIA) गठबंधन के ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ और विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। मार्च के बाद तेजस्वी दिल्ली में एक ऑटो से सफर करते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके साथ ही उन्होंने खुद इस वीडियो को अपने एक्स अकाउंट पर भी शेयर किया है।

ज्ञानेश कुमार चोर है- तेजस्वी यादव

वीडियो में तेजस्वी यादव यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि ‘ज्ञानेश कुमार चोर है’। इसके बाद सामने से भी आवाज आती है ‘चोर है’। 20 सेकेंड का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वहीं, मार्च के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि, सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दी गई है। बाकी बातें आगे देखी जाएंगी। बता दें कि इस मार्च में राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव सहित 19 विपक्षी दलों के नेता और सांसद शामिल हुए थे।

लगातार विपक्ष का प्रदर्शन जारी

गौरतलब है कि एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पूरा विपक्ष लगातार प्रदर्शन कर रहा है। इस दौरान बीते 10 अक्टूबर को दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान हुई गिरफ्तारियां और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा था।

तेजस्वी यादव ने अपने एक अन्य बयान में कहा था कि, पूरा देश RSS की गुंडागर्दी देख रहा है। अंग्रेजों के सामने जिनकी पेंट गीली हो जाती थी वो RSS के गुंडे पुलिस के सहयोग से अब सरेआम हमारी बहन बेटियों को पीट रहे है। ये संघी हमेशा महिला विरोधी रहे है। इस गुंडागर्दी पर मोहन भागवत क्या कहेंगे?

तेजस्वी ने कहा कि, एक बेईमान आदमी ज्ञानू गुप्ता को बचाने के लिए पूरे देश में अघोषित आपातकाल लागू कर दिया है। उसके लिए नया कानून बना दिया गया है। ये बेईमानी भी कर रहे है, सीनाजोरी भी कर रहे है, राष्ट्रद्रोह भी कर रहे है फिर भी निडरता से लोकतंत्र को कुचल रहे है। मोदी जी को यह सब करने के लिए किन अदृश्य शक्तियों का समर्थन हासिल है? लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हम हर कुर्बानी देने के लिए तैयार है।

ये भी पढ़ें- ‘…तो एक दिन में आयोजित होगी परीक्षा’, TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर मिथिलेश तिवारी का बड़ा बयान