Haldia Refinery Pipeline Fire: पश्चिम बंगाल के हल्दिया रिफाइनरी में बड़ा हादसा हो गया है। बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में स्थित हल्दिया रिफाइनरी पाइपलाइन में भीषण आग लग गई है। आग नैफ्था ले जाने वाली पाइपलाइन में लगी। हादसे में 15 कर्मचारी झुलस गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसका असर रेल सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है। आग बुझाने का काम चल रहा है। हालांकि अभी तक दुर्घटना के कारण का खुलासा नहीं हुआ है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

चश्मदीदों ने बताया कि हादसा सुबह के वक्त हुआ। रिफाइनरी के अंदर नैफ्था की सप्लाई की जा रही थी। अचानक पाइपलाइन से आग की तेज लपटे उठने लगी। विस्फोट के तुरंत बाद आग तेजी से फैलते हुए हल्दिया नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके तक पहुंच गई। इससे आसपास मौजूद कर्मचारी झुलस गए।

दमकल कर्मियों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर 15 घायलों को गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत हल्दिया महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में पांच घायलों को बेहतर इलाज के लिए तमलुक मेडिकल कालेज रेफर किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

फैक्ट्री अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 4 से साढ़े चार बजे के बीच नैफ्था की पाइपलाइन में आग लग गई। हादसे में पाइपलाइन के पास मौजूद कर्मचारी घायल हो गए। ये घटना प्लांट के आस-पास मौजूद नैफ्था चोरी के एक अनधिकृत पॉइंट के पास हुई हो सकती है। नेफ्था एक बहुत ज़्यादा ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन है।

रेल सेवा प्रभावित

हादसे का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा है। जिस पाइपलाइन में विस्फोट हुआ, उसके पास ही हल्दिया-पांशकुड़ा रेल मार्ग गुजरता है। विस्फोट की वजह से ओवरहेड बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर जल गए, साथ ही रेलवे ट्रैक का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। सुरक्षा कारणों से हल्दिया से हावड़ा जाने वाली यात्री ट्रेन को भी रोका गया है, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ है।

पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m