नवोदित, कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब शुगर मिल के पास खड़ी एक स्कोडा कार से एक हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। सूचना मिलते ही STF, शाहाबाद थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता, सीन ऑफ क्राइम टीम और डायल-112 की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में बरामद ग्रेनेड को “मेड इन चाइना” बताया जा रहा है, जिसकी विस्फोटक क्षमता को बेहद खतरनाक माना गया है। मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की।

यह बरामदगी STF की पूछताछ के बाद हुई कार्रवाई का हिस्सा है। कुछ दिन पहले STF ने तंगौर गांव के निवासी सूर्यप्रताप को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए थे।

रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसके पास दो हैंड ग्रेनेड थे। इनमें से एक उसने अपने एक साथी को दे दिया, जबकि दूसरा शाहाबाद-लाडवा रोड स्थित अपनी वर्कशॉप में खड़ी स्कोडा कार में छिपा रखा था। इसके बाद STF टीम आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची, जहां तलाशी के दौरान ग्रेनेड बरामद किया गया।


पुलिस जाँच में हुआ खुलासा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में था, हालांकि अभी तक किसी संभावित लक्ष्य की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसे हथियार कैसे मिले और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के नेटवर्क, उसके संपर्कों और संभावित गैंग कनेक्शन की गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं इस पूरे मामले के पीछे कोई बड़ी साजिश या फिरौती से जुड़ा एंगल तो नहीं है।

सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीर मानते हुए पूरे नेटवर्क की तह तक जाने में जुटी हैं।