हरियाणा के हांसी में चोरी के संदेह में एक युवक को कुएं में उल्टा लटकाकर लाठी-डंडों से पीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हांसी। जिला स्थित सोरखी गांव से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां चोरी के आरोप में एक युवक को कुएं में उल्टा लटकाकर बर्बरतापूर्वक पीटा गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को पांव बांधकर कुएं में लटकाया गया है और वह दर्द से बिलखता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल पीड़ित युवक को गंभीर हालत में हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक का आरोप है कि वह केवल खेतों की तरफ गया था, लेकिन कुछ लोगों ने उसे चोर समझकर पकड़ा और उसके साथ इस अमानवीय हरकत को अंजाम दिया।
अस्पताल में भर्ती पीड़ित का आरोप
पीड़ित युवक ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि उसे कुएं में लटकाने के बाद बाहर निकालकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों के दबाव में आकर उसने चोरी की झूठी बात कबूल की थी। पीड़ित ने यह भी दावा किया कि वह दलित समाज से आता है और हमलावर ऊंची जाति के थे, जिन्होंने उसे अपनी दबंगई का शिकार बनाया। युवक ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, मौके पर पुलिस के पहुंचने के बाद ही उसकी जान बच सकी और उसे अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
सरपंच और पुलिस की अलग राय
गांव के सरपंच प्रतिनिधि रामचंद्र के अनुसार, खेत मालिक ने युवक को सोलर पैनल की मोटर चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ने का दावा किया है। ग्रामीणों का तर्क है कि इलाके में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से किसान काफी परेशान थे। वहीं, इस पूरे मामले पर बास थाना के एसएचओ पवित्र सिंह ने बताया कि युवक को टॉर्चर करने का वीडियो उनके संज्ञान में आया है। अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन शिकायत मिलते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून किसी को भी अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं देता, अतः पुलिस इस घटना की निष्पक्ष जांच करने की बात कह रही है।

