हापुड़। गूगल मैप के सहारे रास्ता तय कर रही एक कार नाले में गिर गई, जिससे कार में सवार पूरा परिवार फंस गया। हादसे के बाद कार के दरवाजे लॉक हो गए और दो युवक, एक महिला तथा एक छोटा बच्चा अंदर ही फंस गए।
बताया जा रहा है कि मोहम्मद ईशान अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर गौतमबुद्धनगर के सद्दीकपुरा से मेरठ के किठौर जा रहे थे। कार में ईशान के अलावा उसका भाई सदिक, गुड्डी और दो बच्चे ताहिर, रेशु भी बैठे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी हापुड़ में मेरठ जाने वाले फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी ट्रैफिक बंद मिला। जिसके बाद कार चालक ने मोबाइल निकाला और गूगल मैप ऑन कर लिया।
गूगल मैप ने दिया धोखा
गूगल मैप ने जैसे रास्ता दिखाया, कार उसी दिशा में आगे बढ़नी लेकिन स्क्रीन पर दिख रहा वह रास्ता सड़क नहीं, बल्कि मौत का जाल था। हापुड़ के प्रीत विहार इलाके में पहुंचते ही कार सड़क से उतरी और सीधे चार फीट गहरे एक गंदे नाले में जा गिरी। जिसके बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। पानी के दबाव की वजह से कार बाहर से लॉक हो गई और एक महिला, दो पुरूष और दो बच्चे अंदर फंस गए। इस दौरान ईशान और सादिक ने कार के शीशे को तोड़ने की कोशिश की लेकिन वे नाकामयाब रहे।
READ MORE: अखिलेश ने CM योगी पर बोला हमला, कहा- जो मुख्यमंत्री लैपटॉप नहीं चलाना जानते, वो AI नहीं समझ सकते
पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला
घटना के बाद परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी। करीब दो घंटे बाद पहुंची राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद क्षेत्र में गूगल मैप पर पूरी तरह निर्भर होकर यात्रा करने को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

