देश 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से 9 से 17 अगस्त तक देशभर में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ चलाया जा रहा है। इस वर्ष यह अभियान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने के अवसर को भी समर्पित है।
PM मोदी ने देशवासियों से की तिरंगा फहराने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर देशवासियों से 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने की अपील की।
पीएम मोदी ने कहा, “आइए, 15 अगस्त आन-बान-शान से मनाएं, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें और विकसित भारत का संकल्प लें। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा। आइए हर घर पर तिरंगा लहराइए।”
9 अगस्त को भी PM मोदी ने किया था आह्वान
प्रधानमंत्री मोदी ने 9 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी हर घर तिरंगा अभियान को लेकर देशवासियों से जुड़ने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि तिरंगा देश के गर्व और गौरव का प्रतीक है और यह हर नागरिक को राष्ट्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा देता है। पीएम मोदी ने यह भी कहा था कि 15 अगस्त 2026 का स्वतंत्रता दिवस खास है, क्योंकि इसी वर्ष ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है।
लाल किले पर पहली बार राष्ट्रगान के साथ गूंजेगा वंदे मातरम
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में एक खास बदलाव देखने को मिलेगा। 15 अगस्त 2026 को लाल किले पर ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ भी गाया जाएगा। केंद्र सरकार के अनुसार, यह पहली बार होगा जब लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रगीत भी प्रस्तुत किया जाएगा। इस वर्ष लाल किले के समारोह की थीम ‘2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा शक्ति का योगदान’ रखी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


