अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकरलाल धूपड़ ने भिवानी में एक खास बातचीत में बोर्ड की कार्यप्रणाली में गुणात्मक तेजी लाने के लिए नई रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षा बोर्ड में पत्र लिखने और जवाब देने का पुराना तरीका खत्म कर सभी काम कंप्यूटर पर शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। इस व्यवस्था से न केवल कागजी कामकाज में होने वाली देरी से राहत मिलेगी, बल्कि कार्य में तेजी आएगी और बोर्ड को आर्थिक मजबूती भी मिलेगी।
4 लाख से अधिक आता है बिजली बिल, परिसर में लगेंगे सोलर पैनल
बोर्ड अध्यक्ष शंकरलाल धूपड़ ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर का मासिक बिजली बिल 4 लाख रुपये से अधिक आता है। इस भारी खर्च में कटौती करने के लिए बोर्ड परिसर में सोलर पैनल स्थापित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। सोलर ऊर्जा के इस्तेमाल से बिजली के खर्च में बड़ी बचत की जा सकेगी और बोर्ड के संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा।
बच्चों की प्रतिभा निखारने और नकल रोकने के लिए सामूहिक संकल्प की जरूरत
अध्यक्ष बनने के बाद अपनी महत्वाकांक्षी योजना के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनका मुख्य ध्येय बच्चों की प्रतिभा को निखारना है। इसके लिए परीक्षा में नकल की प्रवृत्ति को जड़ से खत्म करने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नकल रोकने के लिए अभिभावकों और शिक्षकों का संकल्प बेहद जरूरी है। जब बच्चों की प्रतिभा निखरेगी, तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में आसानी से अपनी जगह बना सकेंगे, जिससे राष्ट्र को मजबूती मिलेगी।
अगले वर्ष की वार्षिक परीक्षाओं में दिखेंगे गुणात्मक बदलाव
शंकरलाल धूपड़ ने कहा कि उनके पदभार संभालने के बाद अगले वर्ष शुरू होने वाले वार्षिक परीक्षाओं के दौर में गुणात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे। इन सुधारों का सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा और उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी नीति को लागू करने और व्यवस्था में सुधार करने में थोड़ा समय लगता है, लेकिन उसके बाद परिणाम सकारात्मक और दूरगामी आते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



