हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य के सभी पात्र परिवारों को पक्के मकान देने की घोषणा की है। सरकार जल्द ही शेष लाभार्थियों को आवास आवंटित करेगी।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में आवास को लेकर सरकार ने बड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साफ कहा है कि प्रदेश का कोई भी पात्र परिवार बिना छत के नहीं रहेगा। सरकार अब बचे हुए सभी योग्य परिवारों की पहचान कर उन्हें आवास सुविधा देने की विस्तृत योजना तैयार करेगी।

हरियाणा विजन-2047 के तहत हाउसिंग फोर ऑल विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष पात्र परिवारों को जल्द से जल्द आवास उपलब्ध करवाने की कार्ययोजना बनाई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी अपात्र व्यक्ति को योजना का लाभ मिला तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि अब तक पांच प्रमुख आवास योजनाओं के तहत प्रदेश के 2.31 लाख से अधिक परिवारों को करीब 2375 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। इसके अलावा 10,649 प्लॉट और फ्लैट पात्र परिवारों को आवंटन के लिए तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने इनके वितरण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लाभार्थियों की सूची ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक की जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे और योजना का गलत फायदा लेने वालों की पहचान हो सके। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर घुमंतु जाति के परिवारों को पंजीकरण शुल्क में राहत देने के निर्देश भी दिए गए हैं।