हरियाणा ने ओलंपिक 2036 में 36 मेडल जीतने का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में खेल मंत्री गौरव गौतम ने 23 खिलाड़ियों को कोच के तौर पर नियुक्ति पत्र सौंपे हैं।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा ने ओलंपिक 2036 को लेकर बड़ा लक्ष्य तय कर दिया है। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने साफ कहा कि प्रदेश का मिशन ओलंपिक 2036 में 36 मेडल जीतने का है और इसके लिए खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचों की भूमिका सबसे अहम होगी। इसी दिशा में सरकार ने 23 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रशिक्षक के रूप में नियुक्ति पत्र सौंपे हैं।

हरियाणा निवास, चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में खेल राज्य मंत्री ने 3 सीनियर और 20 जूनियर प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत, तपस्या और माता-पिता के त्याग की जीत है। पिछले एक महीने में खेल विभाग 33 खिलाड़ियों को प्रशिक्षक की नौकरी दे चुका है।

गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा का युवा मैदान में सिर्फ खेलने नहीं, बल्कि देश का तिरंगा ऊंचा करने उतरता है। उन्होंने सरकार की ‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति का जिक्र करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को भविष्य की चिंता से मुक्त रखना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि वे बिना तनाव देश के लिए खेल सकें।

खेल मंत्री ने नवनियुक्त कोचों से गांव और कस्बों से नई प्रतिभाएं तलाशने की अपील करते हुए कहा कि जमीनी स्तर से खिलाड़ियों को तैयार कर हरियाणा को दुनिया का नंबर-1 खेल राज्य बनाना लक्ष्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार खेल नर्सरियों, स्टेडियमों और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।