संजीव, सोनीपत। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने गुरुवार को सोनीपत जिले की सोनीपत, गोहाना, खरखौदा और गन्नौर अनाज मंडियों का दौरा किया। उन्होंने धान खरीद, फसल के उठान और मंडियों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। मंत्री ने अधिकारियों को खरीदी गई धान की जल्द लिफ्टिंग कराने और किसानों को परेशानी से बचाने के निर्देश दिए।

कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीद में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने मंडियों में आए किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं।

पोर्टल पर दर्ज मात्रा से ज्यादा है उत्पादन तो क्या करें?

श्याम सिंह राणा ने कहा कि यदि खेत में वास्तविक फसल उत्पादन पोर्टल पर दर्ज मात्रा से अधिक है, तो किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। वे संबंधित अनाज मंडी के सचिव से संपर्क कर अपनी समस्या बता सकते हैं। इसके बाद जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार समाधान किया जाएगा, ताकि वास्तविक उत्पादन के मुताबिक खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

धान की लिफ्टिंग जल्द कराने के निर्देश

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मंडियों में खरीदी गई धान का उठान जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए। इससे मंडियों में उपज का अनावश्यक जमाव नहीं होगा और किसानों को अपनी फसल बेचने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार जारी रहे और किसानों को समय पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मंडियों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान में नमी की जांच भी की।

मंडी में धान ले जाने से पहले किसान रखें ध्यान

कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे धान को अच्छी तरह सुखाकर और साफ करके ही मंडी में लाएं। उन्होंने गीली फसल लाने से बचने की सलाह दी। उनके मुताबिक, धान में नमी अधिक होने से खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

पराली नहीं जलाएं, खेत में मिलाने की अपील

मंत्री ने किसानों से फसल अवशेष जलाने के बजाय उन्हें मिट्टी में मिलाकर खेत में दबाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और आगामी फसल के लिए भूमि की गुणवत्ता बेहतर करने में मदद मिलेगी। फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण के लिए भी लाभकारी है।

दौरे के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद

मंडियों के दौरे के दौरान गोहाना के एसडीएम अंकित कुमार, खरखौदा के एसडीएम अमित भारद्वाज, सोनीपत मार्केट कमेटी के चेयरमैन अरुण चौहान, गन्नौर मार्केट कमेटी के चेयरमैन निशांत छौक्कर, खरखौदा मार्केट कमेटी के चेयरमैन आनंद दहिया और गोहाना मार्केट कमेटी के चेयरमैन कृष्ण सैनी मौजूद रहे। इनके अलावा डीएफएससी राजेश्वर मुदगिल, मंडी सचिव और संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m