फरीदाबाद। सूरजकुंड में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दिवाली मेले के लिए यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। मेले के दौरान जाम से बचाव के लिए भारी और वाणिज्यिक वाहनों का निर्धारित रास्तों पर सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नियमानुसार अनुमति दी जाएगी।
डीसीपी एनआईटी एवं यातायात उत्तम के मार्गदर्शन में मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने और सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी नहीं करने की अपील की है।
इन रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
यातायात पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, पाली चौक से एमवीएन नाका, सूरजकुंड और अनखीर चौक से सूरजकुंड जाने वाले मार्गों पर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड और दिल्ली के प्रह्लादपुर बॉर्डर से सूरजकुंड गोल चक्कर की ओर भी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
जाम से बचने के लिए अपनाएं वैकल्पिक रास्ते
गुरुग्राम और पाली चौक से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन सैनिक कॉलोनी मोड़, मस्जिद चौक, प्याली चौक और बाटा चौक होते हुए मथुरा रोड यानी एनएच-19 का इस्तेमाल कर सकेंगे। प्रह्लादपुर बॉर्डर से फरीदाबाद आने वाले वाहन बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते शहर में प्रवेश करें। वहीं, एनएचपीसी चौक से आने वाले वाहन चालकों को सूरजकुंड मार्ग के बजाय राष्ट्रीय राजमार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
यहां कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग
मेले में आने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए धन्तेश्वरी गेट और होटल राजहंस के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सामान्य वाहनों के लिए होटल गोल्ड फिंच के सामने चार एकड़ जमीन, ताज विवांता के सामने और उससे लगी जमीन तथा सूरजकुंड गोल चक्कर के पास नगर निगम की जमीन निर्धारित की गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क किनारे वाहन खड़े करने के बजाय तय पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

