सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत और गुरुग्राम में मंगलवार को हुई बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे के किनारे आईएफएफसीओ चौक की सर्विस लेन धंस गई। सड़क पर करीब 20 फुट चौड़ा गड्ढा बन गया है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया। शुरुआती जांच में सड़क धंसने की वजह जीएमडीए की सीवर लाइन में लीकेज सामने आई है। वहीं रेवाड़ी में बूंदाबांदी हुई।

आईएफएफसीओ चौक पर धंसी सड़क

गुरुग्राम में सोमवार और मंगलवार को रुक-रुककर बारिश हुई। इसके बाद आईएफएफसीओ चौक के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन का एक हिस्सा धंस गया। यहां करीब 20 फुट चौड़ा गड्ढा बन गया है। बताया गया कि गड्ढा धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने चारों तरफ बैरिकेड लगा दिए हैं। रास्ते को फिलहाल बंद कर दिया गया है। शुरुआती जांच में जीएमडीए की सीवर लाइन में लीकेज को सड़क धंसने की वजह बताया गया है।

सेक्टर-9 में सड़क में धंसा ट्रक

गुरुग्राम के सेक्टर-9 में भी जलभराव के कारण एक ट्रक सड़क में धंस गया। इससे इलाके में बारिश के बाद जलभराव की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

इससे पहले रविवार को स्कूल बसों के कई घंटे तक जलभराव में फंसे रहने के वीडियो और फोटो सामने आए थे। इसके बाद प्रशासन ने स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर एहतियाती कदम उठाए हैं।

स्कूल बसों के लिए रूट अपडेट की तैयारी

ट्रैफिक पुलिस स्कूल बसों की आवाजाही को लेकर रियल टाइम रूट अपडेट देने की तैयारी कर रही है। स्कूल रूटों पर जल निकासी को प्राथमिकता दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर हरियाणा रोडवेज की अतिरिक्त बसें भी तैयार रखी जाएंगी।

सोनीपत में दो घंटे की बारिश से जलभराव

उधर, सोनीपत में लगातार करीब दो घंटे बारिश हुई। इसके बाद कई इलाकों में पानी भर गया। सांदल खुर्द गांव में करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी जमा हो गया।

शनि मंदिर रेलवे अंडरपास में भी पानी भर गया। यहां PWD का ट्रैक्टर पानी में डूब गया। रेवाड़ी में मंगलवार को बारिश के बजाय बूंदाबांदी दर्ज की गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m