पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में गुरुवार सुबह लगातार तीसरे दिन हुए लैंडस्लाइड (भूस्खलन) के दौरान मोरनी-रायपुर रानी रोड पर एक हरियाणा रोडवेज की बस मलबे के बीच फंस गई। इस बस में स्कूली बच्चों समेत करीब 70 सवारियां मौजूद थीं। घटना के तुरंत बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर बस को आगे रवाना किया गया। पंचकूला में बुधवार को भी कुछ घरों के पास लैंडस्लाइड हुआ था और घग्गर नदी पूरे उफान पर बह रही है।

टांगरी नदी का पानी 10 कॉलोनियों में घुसा, 3 फीट तक भरा पानी

पहाड़ों में हुई भारी बारिश के कारण मंगलवार देर रात अंबाला कैंट में टांगरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़कर 27,720 क्यूसेक तक पहुंच गया। इसके चलते रात करीब 11:30 बजे आसपास की 10 कॉलोनियों में 3 फीट तक पानी भर गया। हालांकि, प्रशासन की ओर से पहले ही अलर्ट जारी कर दिया गया था, जिससे लोग सतर्क हो गए। बुधवार सुबह तक नदी का जलस्तर कम होने से कॉलोनियों से पानी उतरना शुरू हो गया।

सोनीपत में करंट लगने से युवक की मौत

बारिश के कारण सोनीपत के कबीरपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां घर में पानी लगने से करंट उतर आया। बुधवार सुबह 30 वर्षीय आकाश लोहे की सीढ़ियों के सहारे छत पर जा रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। आकाश को बचाने की कोशिश में परिजनों को भी झटके लगे। इस हादसे में आकाश की मौके पर ही जान चली गई।

कालका-शिमला ट्रैक पर गिरा भारी मलबा

पहाड़ी इलाकों में बारिश के बाद कालका-शिमला रेलखंड पर बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे गुम्मन और कोटी स्टेशन के बीच पहाड़ी से भारी मलबा आ गिरा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कालका-शिमला एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 52458) को कोटी स्टेशन पर ही रोक दिया गया। इस ट्रेन में सवार 172 यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेलवे ने स्थानीय सेना के अधिकारियों से मदद मांगी।

पानीपत-फरीदाबाद में जलभराव, फिर सक्रिय होगा मानसून

तेज बारिश के कारण पानीपत और फरीदाबाद के निचले इलाकों व मुख्य सड़कों पर भारी जलभराव देखा गया, जिससे सुबह के वक्त वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस बीच मौसम विभाग ने एक हफ्ते बाद राज्य में फिर से मानसून के सक्रिय होने की संभावना जताई है। अगस्त महीने में प्रदेशभर में अभी तक 257.9 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 14 प्रतिशत कम है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m