भिवानी। हरियाणा में इन दिनों मानसून की रफ्तार काफी सुस्त पड़ गई है। बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को फिलहाल उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल शामिल हैं।

मानसून की ट्रफ लाइन अभी हिमालय की ओर बढ़ रही

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की ट्रफ लाइन अभी हिमालय की ओर बढ़ रही है। ट्रफ लाइन का मतलब हवाओं का वह क्षेत्र है जो बारिश के लिए जिम्मेदार होता है। जब यह लाइन राज्य से दूर होती है, तो बारिश की संभावना कम हो जाती है। राहत की बात यह है कि 20 जुलाई के बाद मानसून के फिर से सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। इसके बाद प्रदेश में फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

बढ़ता पारा और उमस

राज्य में दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में भिवानी सबसे गर्म रहा, जहां पारा 42.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा रोहतक में 40.0 डिग्री, हिसार में 39.4 डिग्री और सिरसा व गुरुग्राम में 39.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। तेज धूप और मानसून के ब्रेक के कारण मैदानी इलाकों में लोगों को भारी उमस और पसीने वाली गर्मी परेशान कर रही है।

रात के तापमान में भी इजाफा

रात के तापमान में भी इजाफा हुआ है। अंबाला में रात का पारा सामान्य से 4.0 डिग्री ज्यादा 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, करनाल में भी रातें गर्म बनी हुई हैं। हालांकि, गुरुग्राम में रात का तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम है। लोगों को सलाह दी गई है कि इस उमस भरी गर्मी में अपना विशेष ख्याल रखें और पर्याप्त पानी पिएं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m