पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला के एमडीसी इलाके में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। विवाद खत्म करने के नाम पर बुलाई गई एक बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। सकेतड़ी रोड पर स्थित भाजपा कार्यालय के पास बने पार्क में एक जूस बेचने वाले युवक की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मृतक उत्तरप्रदेश का रहने वाला
मृतक की पहचान कपिल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला था। कपिल एमडीसी के सेक्टर 4 में रहता था और अपना पेट पालने के लिए जूस की रेहड़ी लगाता था। बताया जा रहा है कि उसकी कुछ युवकों के साथ काफी समय से अनबन चल रही थी।
मौके पर मौजूद थे 20 से 25 युवक
गुरुवार रात करीब 9 बजे इसी पुरानी रंजिश को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष बातचीत करने के लिए पार्क में जमा हुए थे। वहां मौके पर 20 से 25 युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। इस बीच हमलावरों ने कपिल पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए।
डॉक्टर्स ने किया मृत घोषित
घायल कपिल किसी तरह जान बचाने के लिए पार्क से बाहर सड़क तक पहुंचा, लेकिन ज्यादा खून बह जाने के कारण वह वहीं गिर गया। उसी समय वहां से डायल 112 की पुलिस टीम गुजरी और कपिल को फौरन सेक्टर 6 के सरकारी अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया। उसके साथ मौजूद अभिषेक उर्फ टन्नी भी घायल हो गया है, जिसका इलाज चल रहा है।
पुलिस प्रशासन में हड़कंप
घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और सबूत जुटाए। पुलिस ने अभी तक 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी विवेक अभी भी फरार है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

