जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को जींद दौरे से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को जींद पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। प्रधानमंत्री जींद से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ रैली का भी आयोजन होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभी कार्यक्रम पूरी तरह इको-फ्रेंडली (पर्यावरण अनुकूल) होंगे। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री सबसे पहले चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने जींद रेलवे स्टेशन पहुंचकर हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ से जुड़ी तैयारियों का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने रेलवे स्टेशन पर आमजन और वीआईपी एंट्री, एग्जीक्यूटिव लाउंज, कैफेटेरिया और रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों के लिए की गई सुविधाओं का भी जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री एकलव्य स्टेडियम के सामने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मैदान में होने वाली ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ रैली के आयोजन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आमजन के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और जनता के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैली में आने वाले लोगों को पीने के पानी की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इस दौरान लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, महानिदेशक केएम पांडुरंग और उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा हांसी विधायक विनोद भ्याणा, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रामपाल सैनी, भाजपा नेता जवाहर लाल सैनी और सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक कैप्टन मनीष लोहान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m