हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की 12 फुट चौड़ी सड़कों को 18 फुट करने का लक्ष्य रखा है। यह कार्य मार्च 2027 तक पूरा किया जाएगा।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में सड़कों को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साफ संदेश दिया है कि अब प्रदेश में 12 फुट चौड़ी सड़कें बीते समय की बात होंगी। सरकार ने सभी ऐसी सड़कों को 18 फुट चौड़ा करने का लक्ष्य तय कर दिया है और अधिकारियों को सख्त निर्देश भी दे दिए गए हैं।
हरियाणा विजन-2047 के तहत हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्च 2027 तक प्रदेश की सभी 12 फुट चौड़ाई वाली सड़कों का चौड़ीकरण हर हाल में पूरा होना चाहिए। अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में 3240 किलोमीटर लिंक रोड ऐसी हैं, जिनमें से 1696 किलोमीटर पर काम जारी है, जबकि बाकी 1544 किलोमीटर सड़कों को इसी वित्त वर्ष में 18 फुट चौड़ा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता, साइन बोर्ड, सफेद पट्टी और बर्म सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में शहरी इलाकों में धूल और प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों के किनारे टाइल्स, पेवर ब्लॉक और ग्रीन एरिया विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। पहले चरण में सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, रोहतक और करनाल की 138 सड़कों को चुना गया है। मुख्यमंत्री ने नवंबर 2027 तक यह काम पूरा करने का लक्ष्य रखा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 2028 तक हर सरकारी भवन, गोदाम और घर पर सोलर पैनल लगाने, हर 50 किलोमीटर पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने और नए विश्राम गृहों के निर्माण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कुरुक्षेत्र में 78 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं वाला नया विश्राम गृह भी बनाया जाएगा।

