फतेहाबाद/रतिया: हरियाणा सरकार और नगर पालिका सफाई कर्मचारी यूनियन के बीच 16 मांगों पर सहमति बनने के बाद प्रदेशभर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है, लेकिन फतेहाबाद जिले में यह मामला अभी तक सुलझ नहीं पाया है। फतेहाबाद के बाद अब रतिया में भी सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया है। कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक स्थानीय स्तर पर नौकरी से हटाए गए और सस्पेंड किए गए कर्मचारियों को काम पर बहाल नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
कर्मचारियों की बहाली न होने पर अड़े सफाई कर्मचारी
हड़ताल जारी रहने का मुख्य कारण स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई और उनकी वापसी न होना है। यूनियन के पदाधिकारियों के अनुसार, फतेहाबाद में जिला प्रधान विजय ढाका और कैशियर वीरू (पालिका रोल) को सेवा से हटा दिया गया है। इसके साथ ही नियमित श्रेणी की महिला नेत्री किरण को निलंबित किया गया है। इन कर्मचारियों की बहाली न होने की वजह से कर्मचारियों में नाराजगी बनी हुई है।
रतिया में 10 पेरोल कर्मचारियों की वापसी से इनकार, ईओ से हुई बातचीत
रतिया में भी स्थिति बनी हुई है, जहां नोटिस देकर सेवा से हटाए गए 10 पेरोल कर्मचारियों को दोबारा काम पर लेने से साफ मना कर दिया गया है। यूनियन के जिला प्रधान विजय ढाका ने जानकारी दी कि कर्मचारियों की बहाली के मुद्दे को लेकर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) से बातचीत की गई थी, लेकिन अभी तक स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों की वापसी को लेकर सहमति नहीं बन सकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



