हरियाणा सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिना बैंक गारंटी सोलर सिस्टम लगाने की नई योजना शुरू की है। इससे बिजली बिल शून्य करने में मदद मिलेगी।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने ऐलान किया है कि सरकार ऐसी नई योजना पर काम कर रही है, जिसके तहत 1 किलोवाट लोड वाले घरेलू उपभोक्ताओं के घर बिना बैंक गारंटी और बिना बैंक के चक्कर लगाए सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। खास बात यह है कि योजना लागू होने के बाद उपभोक्ताओं का बिजली बिल लगभग शून्य हो सकता है।

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि विभाग के कर्मचारी खुद घर-घर जाकर प्रक्रिया पूरी करेंगे और लाभार्थियों की छतों पर सोलर सिस्टम लगवाएंगे। हरियाणा में 1 किलोवाट तक के 7 लाख से ज्यादा उपभोक्ता हैं, जिन्हें इस योजना का सीधा फायदा मिल सकता है। वहीं नियमित बिजली बिल भरने वाले 5 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी आसान किस्तों पर इसी तरह की सुविधा देने की तैयारी है।

अनिल विज ने किसानों के लिए भी बड़ा प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की जमीन खाली पड़ी है और परिवार के सदस्य बाहर रहते हैं, वे अपनी जमीन पर सोलर प्लांट लगाकर सरकार को बिजली बेच सकेंगे। सरकार तय दरों पर बिजली खरीदेगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

ऊर्जा मंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर तीन बड़े पुरस्कार मिलने जा रहे हैं। सरकार ने इस साल 2.20 लाख सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा है और इसे तय समय से पहले पूरा करने की तैयारी की जा रही है।