हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष ने एचटेट परीक्षा के सफल संचालन का दावा किया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को आधिकारिक उत्तर कुंजी जारी कर दी जाएगी।
अजय सैनी,भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) रविवार को प्रदेशभर में पूरी तरह से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन का बड़ा दावा करते हुए बताया कि शनिवार को लेवल 3 की परीक्षा बिना किसी बाधा के पूरी हुई थी। इसके बाद रविवार को सुबह और शाम के दो अलग-अलग सत्रों में बाकी बची परीक्षाओं का आयोजन सुव्यवस्थित तरीके से किया गया। Haryana Teacher Eligibility Test Updates के तहत परीक्षार्थियों के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि बोर्ड अध्यक्ष धूपड़ ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि सोमवार को ही परीक्षा की आंसर की (उत्तर कुंजी) बोर्ड की वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।
दो सत्रों में हुई परीक्षा
रविवार को सुबह के सत्र में लेवल 2 यानी टीजीटी (TGT) की परीक्षा आयोजित की गई थी जबकि शाम के सत्र में लेवल 1 यानी पीआरटी (PRT) के अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है। आंकड़ों की बात करें तो सुबह के सत्र में लेवल 2 की परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में सर्वाधिक 383 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जहां कुल 1,19,141 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसी प्रकार शाम के सत्र में आयोजित होने वाली लेवल 1 की परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 139 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे जिसमें 43,062 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। बोर्ड प्रशासन ने सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए कड़े प्रबंध किए थे।
कंट्रोल रूम से पैनी नजर
बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशभर के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के तमाम कड़े बंदोबस्त लागू किए गए थे। भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में एक अत्याधुनिक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था जिसके माध्यम से राज्य के कोने-कोने में बने सभी केंद्रों पर तीसरी आंख यानी लाइव कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही थी। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए वे स्वयं लगातार प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर तैनात प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सीधे संपर्क में रहे ताकि पूरी व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त और पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।

