कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों के कामकाज को लेकर अपने सख्त तेवर एक बार फिर दिखाए। एक मामले में उन्होंने बीडीपीओ को फटकार लगाते हुए साफ कहा कि यदि लगाए गए आरोप जांच में सही साबित होते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सात मुकदमे दर्ज करवाए जाएंगे। विज के इस अंदाज ने एक बार फिर यह संकेत दिया कि वह शिकायतों और आरोपों पर कार्रवाई के मामले में अधिकारियों से जवाबदेही चाहते हैं।
नायब सिंह सैनी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक दौर की जरूरतों के मुताबिक तैयार करने पर जोर दिया। कुरुक्षेत्र के कनीपला में कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और कौशल विकास को शिक्षा से जोड़ने की बात कही। उन्होंने बताया कि सुपर-100 कार्यक्रम की सीटें बढ़ाई गई हैं, जबकि विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों के लिए फ्रेंच, जर्मन समेत अन्य विदेशी भाषाओं से जोड़ने की दिशा में भी काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बच्चों से पढ़ाई के साथ संस्कार, सेवा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
दीपेंद्र हुड्डा: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने करनाल के बल्ला और असंध क्षेत्र में पार्टी के कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी हरियाणा में कराने की अपनी मांग का मुद्दा फिर उठाया। उन्होंने कहा कि जब से उन्होंने हरियाणा में कॉमनवेल्थ गेम्स कराने की बात कही है, तब से भाजपा उनके पीछे पड़ी हुई है और सवाल किया कि आखिर ऐसी मांग करने में गलत क्या है। इसके अलावा उन्होंने मुनक ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया और नए ब्लॉक अध्यक्ष विनोद बल्ला को शुभकामनाएं दीं। इससे पहले उन्होंने रोहतक में गणेश महोत्सव कार्यक्रमों में भी शिरकत की और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
संजय दत्त: हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर सड़क पर संघर्ष करेगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग से जुड़े हालिया खुलासों ने कांग्रेस द्वारा पहले उठाए गए सवालों को और गंभीर बना दिया है। दत्त ने 25 सितंबर को चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तक विरोध मार्च निकालने और 28 सितंबर को जिला स्तर पर प्रदर्शन करने की घोषणा की। कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ कार्रवाई और चुनावी फैसलों की स्वतंत्र जांच जैसी मांगें भी रखी गई हैं। हरियाणा कांग्रेस ने 25 सितंबर के प्रदर्शन के लिए सेक्टर-17 में जुटने का कार्यक्रम जारी किया है।
भूपेंद्र हुड्डा: नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का अंदाज उम्र को लेकर पूछे गए सवाल पर सुर्खियों में रहा। गढ़ी सांपला किलोई दौरे के दौरान जब उनसे 2029 के विधानसभा चुनाव के समय उनकी उम्र को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि वह अभी बूढ़े नहीं हुए, न थके हैं और न रिटायर हुए हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी फिटनेस का जिक्र करते हुए यहां तक कह दिया कि ‘दौड़ लगा लो मुझसे।’ हुड्डा के इस जवाब पर मौके पर मौजूद लोगों के बीच ठहाके गूंज उठे। उनके बयान से इतना जरूर साफ हुआ कि वह आने वाले समय की राजनीति में अपनी सक्रिय भूमिका को लेकर खुद को पीछे नहीं मान रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


