Haryana Weather Today : चंडीगढ़। हरियाणा में मानसून की विदाई के बाद एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव और हवाओं की दिशा में बदलाव के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से शुरू होने वाला यह बदलाव अगले 3 से 4 दिनों तक जारी रह सकता है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

आज इन जिलों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश की संभावना है। यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, पलवल और फरीदाबाद में बारिश हो सकती है। वहीं, आसपास के कुछ अन्य इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। मौसम में इस बदलाव से लोगों को दिन के तापमान में कुछ राहत मिल सकती है।

27 से 29 सितंबर तक कई जिलों में बारिश का अनुमान

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, मानसून की विदाई के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव और हवाओं की दिशा पश्चिमी से पूर्वी होने के कारण मौसम में बदलाव की संभावना है।

27 से 29 सितंबर के बीच उत्तरी हरियाणा के जिलों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र समेत उत्तरी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, प्रदेश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

बारिश के बाद फिर शुष्क हो जाएगा मौसम

मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 27 से 29 सितंबर तक बना रह सकता है। इसके बाद बारिश का दौर थमने और मौसम के फिर से शुष्क होने का अनुमान है। इस दौरान बादल छाने और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने से मौसम में बदलाव महसूस किया जा सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m