अनिल मालवीय, सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से एक बार फिर सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां ​बुधनी नगर में तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण बड़ा हादसा हो गया। नो-एंट्री का समय होने के बावजूद शहर में घुसे एक अनियंत्रित आयशर ट्रक ने ट्राइडेंट कंपनी के पास बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पातालखोह गांव के रहने वाले थे दोनों मृतक

मामले की जानकारी देते हुए बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान राजा और अंकित के रूप में हुई है। दोनों मृतक ग्राम पातालखोह के निवासी बताए जा रहे हैं। वे मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार आयशर वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है। नो-एंट्री जोन और प्रतिबंधित समय के बावजूद भारी वाहनों के नगर में प्रवेश करने को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m