मनेन्द्र पटेल, दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने एक ऐसे शातिर आरोपी को पकड़ा है, जो बड़े बैंक खातों की जानकारी लेकर गोल्ड ईटीवी में निवेश पर 10 प्रतिशत मासिक लाभ दिलाने का झांसा देकर लोगों को इन्वेस्ट करवाता था। आरोपी खुद HDFC बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर है। सुपेला पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर यह कार्रवाई की है।

पढ़िए पूरी खबर

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजकुमार तिवारी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद का फायदा उठाकर बड़ी रकम वाले खाताधारकों की जानकारी हासिल करता और उनसे संपर्क करता था। आरोप है कि निवेशकों को गोल्ड ईटीवी में निवेश करने पर अधिक मुनाफे का लालच दिया जाता था। निवेशकों से चेक लेकर राशि मुख्य आरोपी योगेश साहू के खाते में जमा कराई जाती थी। इसके बाद शुरुआती दौर में निवेशकों को राजकुमार तिवारी के खाते से लाभांश की रकम भेजी जाती थी, जिससे निवेशकों का भरोसा बना रहे।

15 लाख रुपये निवेश कराने के बाद बंद हुआ लाभांश

मामले की शिकायत सेक्टर-07, भिलाई निवासी राजू नामदेव ने थाना सुपेला में दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार पहले से गिरफ्तार मुख्य आरोपी योगेश साहू और अन्य लोगों ने निवेश पर हर महीने 10 प्रतिशत लाभांश मिलने की बात बताकर उन्हें विश्वास में लिया। आरोपियों ने अन्य ग्राहकों के बैंक खातों के स्टेटमेंट दिखाकर निवेश योजना को भरोसेमंद बताया।

इसके बाद आरोपियों ने राजू नामदेव से बैंक खाते और मोबाइल से संबंधित जानकारी हासिल की। उनकी बातों पर भरोसा करते हुए राजू ने 21 मार्च 2025 को 15 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।

शुरुआती समय में उनके खाते में लाभांश की राशि भेजी गई, लेकिन कुछ समय बाद लाभांश मिलना बंद हो गया। आरोपी लगातार रकम वापस करने का आश्वासन देते रहे। बाद में राजू नामदेव को पता चला कि अन्य निवेशकों से भी इसी तरीके से बड़ी रकम लेकर ठगी की गई है।

अन्य निवेशकों के बयान से सामने आई आरोपी की भूमिका

मामले की जांच के दौरान निवेशकों मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा, शिबा शेख समेत अन्य लोगों के बयान और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की गई। विवेचना में आरोपी राजकुमार तिवारी की भूमिका सामने आई।

पुलिस ने संबंधित बैंक खातों की जांच की तो आरोपी की बड़ी संलिप्तता सामने आई। इसके बाद सुपेला पुलिस ने आरोपी राजकुमार तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब इस निवेश योजना से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की भी जांच कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H