कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए निशांत कुमार को भवन निर्माण विभाग की ओर से पांच देश रत्न मार्ग बंगला आवंटित किया गया है, जिसमें आज सोमवार (29 जून) को गृह प्रवेश के लिए निशांत कुमार ने भगवान सत्यनारायण की पूजा कराई। इस मौके पर निशांत के अलावा पूर्व सीएम नीतीश कुमार और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
जारी रहेगा अस्पतालों का औचक निरीक्षण
पूजा समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान निशांत कुमार ने कहा कि, आज सत्यनारायण भगवान का पूजा किए हैं। पिता जी और परिवार के मेंबर मौजूद थे। उन्होंने कहा ये आवास हमें मिला है। हम यहां भी रहेंगे। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वह आगे भी अस्पतालों का औचक निरीक्षण वे करते रहेंगे। हमारी कोशिश है कि सभी सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था सही रहे और अस्पताल आने वाले मरीजों का इलाज हो सके।
23 जून को पटना पीएमसीएच का किया था निरीक्षण
गौरतलब है कि बीते 23 जून को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पटना पीएमसीएच का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान अस्पताल के प्रभारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। बताया गया कि वह बिना किसी पूर्व सूचना के कार्यक्रम से अनुपस्थित थे। इतना ही नहीं, उन्होंने न तो छुट्टी के लिए आवेदन दिया था और न ही किसी अन्य अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी सौंपी थी।
स्वास्थ्य मंत्री का फोन भी नहीं उठाया
निरीक्षण के दौरान खुद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री का फोन भी रिसीव नहीं किया। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई थी और कहा था कि यह गंभीर लापरवाही है तथा इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी। स्वास्थ्य विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि कार्यालय अवधि के दौरान डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह अपने निजी क्लिनिक में मौजूद थे।
डॉ. गीता सिन्हा बनीं PMCH की नई प्रभारी प्राचार्य
जांच रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को प्रभारी प्राचार्य के अतिरिक्त प्रभार से हटा दिया है। साथ ही उनका तबादला बेतिया कर दिया गया है। विभाग ने पीएमसीएच की नई प्रभारी प्राचार्य के रूप में डॉ. गीता सिन्हा को जिम्मेदारी सौंपी है। बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने के बाद निशांत कुमार का यह पहला बड़ा एक्शन था।
ये भी पढ़ें- यूपी पुलिस ने मुकेश सहनी को किया ‘हाउस अरेस्ट’, शाहजहांपुर में सभा करने से रोका, जानें पूरा मामला?

