कुंदन कुमार, पटना। वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी को लखनऊ में यू पी पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है। उत्तर प्रदेश की पुलिस उन्हें होटल से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दे रही है। बड़ी संख्या में पुलिस के जवान होटल में मौजूद हैं। दरअसल आज सोमवार (29 जून) को मुकेश सहनी शाहजहांपुर और सहारनपुर में दो जगह कार्यक्रम करने वाले थे, उनके द्वारा निषाद समाज सभा का आयोजन किया गया था, लेकिन उत्तर प्रदेश की पुलिस का कहना है कि उनके वहां जाने से विधि व्यवस्था गड़बड़ा जाएगी और इसीलिए उन्हें नहीं जाने दिया जाएगा।
यूपी सरकार के रवैये को बताया तानाशाही
यूपी पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने पर मुकेश सहनी ने यूपी की योगी सरकार पर कई तरह के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, योगी की सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और हमें हाउस अरेस्ट करके रखा गया है। हम वहां जरूर जाएंगे और सभा को संबोधित भी करेंगे। इस बीच पुलिस बल की संख्या वहां बढ़ा दी गई है।
हम कोई आतंकवादी नहीं- मुकेश सहनी
मुकेश सहनी ने साफ-साफ कहा है कि यह लोग मनमानी कर रहे हैं। हम कोई आतंकवादी नहीं है कि हमें इस तरह से हाउस अरेस्ट किया गया है। फिलहाल यूपी पुलिस ने मुकेश साहनी को होटल में ही रोक रखा है। इस बीच मुकेश साहनी ने योगी सरकार पर कई तरह के आरोप भी लगाए।
निषाद समाज के लिए आरक्षण की मांग
बता दें कि इससे पहले भी उत्तर प्रदेश चुनाव के समय में उनके भाई को हाउस अरेस्ट किया गया था। चुनाव प्रचार के दौरान फूलनदेवी कि मूर्ति जब्त की गई थी। इस बार जब फिर से मुकेश सहनी निषाद समाज को योगी सरकार के खिलाफ एकजुट करने का मुहिम शुरू कर रहे हैं, तो इस तरह की स्थिति देखी जा रही है। मुकेश सहनी की मांग है कि निषाद समाज को आरक्षण दिया जाय जिस तरह दिल्ली और पश्चिम बंगाल में निषाद समाज एससी-एसटी कैटिगरी में है। वैसे ही यूपी बिहार में भी निषाद समाज को आरक्षण मिले।
ये भी पढ़ें- नीतीश को भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह बताने पर भड़के मंत्री सुनील कुमार, तेजस्वी को दे डाली ये नसीहत

