कुंदन कुमार, पटना। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार आज मंगलवार (7 जुलाई) को पटना के सबसे बड़े हड्डी के अस्पताल लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। स्वास्थ्य मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से वहां हड़कंप मच गया। निशांत कुमार ने सबसे पहले ओपीडी का निरीक्षण किया, वहां पर उन्होंने मरीजों से बात कर उनका हालचाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने डॉक्टरों के साथ एक बैठक कर इलाज की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

इलाज कराने आए मरीजों से लिया फीडबैक

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत की। वहीं, इलाज को लेकर उनका फीडबैक लिया। कई मरीजों ने इलाज और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें भी कीं, जिसे उन्होंने गंभीरता से सुना। निरीक्षण के दौरान निशांत कुमार अस्पताल के स्टोर रूम भी पहुंचे, जहां उन्होंने दवाओं और अन्य जरूरी सामानों की उपलब्धता की जांच की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को साफ तौर पर यह निर्देश दिया कि किसी भी मरीज को इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

गड़बड़ी करने वालों को दी चेतावनी

अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में भी कुछ गड़बड़ी दिखी हैं। फ्री की दवाओं ठीक ढंग से वितरण नहीं किया जा रहा है। ओपीडी हो या वाश रूम मरीजों को कोई समस्या नहीं हो इसको लेकर हम अस्पताल का निरीक्षण कर रहे हैं। मरीजों को 24 घंटे सभी सुविधाएं आसानी से मिल सके इसके लेकर हम विशेष रूप से ध्यान दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने एक बार फिर से कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि गड़बड़ी करने वाले लोग, जो भी होंगे उनपर हम कारवाई करेंगे।

पीएमसीएच में औचक निरीक्षण कर सभी को चौंकाया

गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पिछले कुछ दिनों से लगातार अस्पतालों का दौरा कर औचक निरीक्षण कर रहे हैं। बीते दिनों उन्होंने पटना के पीएमसीएच अस्पताल में औचक निरीक्षण कर सभी को चौंका दिया था। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के हर वार्ड का निरीक्षण किया और जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान निशांत कुमार ने अस्पताल में मिली अनियमितताओं और पीएमसीएच के प्रिंसिपल के गायब रहने पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। जांच के बाद गायब रहे प्रिंसिपल का ट्रांसफर बेतिया कर दिया गया था।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव के लिए प्रशांत किशोर को मिला ‘बिहारी बाबू’ का समर्थन, शत्रुघ्न सिन्हा का बड़ा बयान