हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर के भंडारी मिल क्षेत्र स्थित श्रीनाथ विहार अपार्टमेंट में हुई हृदयविदारक घटना के आज मां और बेटे का अंतिम संस्कार किया जाएगा। 55 वर्षीय राजुल शर्मा और उनकी 75 वर्षीय मां किरण शर्मा का कुछ घंटों के अंतराल में निधन हो गया था, जिससे पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

बेटे का शव देखा, वह गहरे सदमे में आ गईं

जानकारी के अनुसार राजुल शर्मा रविवार दोपहर अपने घर में अचेत अवस्था में मिले थे। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बेटे के निधन की खबर से परिवार पहले ही सदमे में था। परिजनों ने किरण शर्मा को इस घटना की जानकारी धीरे-धीरे देने का प्रयास किया, लेकिन घर पहुंचकर जैसे ही उन्होंने बेटे का शव देखा, वह गहरे सदमे में आ गईं।

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर घमासान: हाईकमान नाराज, एमपी कांग्रेस में एक्शन की तैयारी

मां और बेटे दोनों का नेत्रदान कराया

अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बीच परिवार ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए मां और बेटे दोनों का नेत्रदान कराया। सामाजिक संस्था की मदद से पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई, जिससे चार जरूरतमंद लोगों को नई रोशनी मिल सकेगी। परिजनों के अनुसार मां और बेटे की अंतिम यात्रा आज निकाली जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को भावुक कर दिया है, वहीं नेत्रदान के फैसले की लोग सराहना कर रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m