नई दिल्ली। बकरीद (Bakrid) को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) हाई अलर्ट पर है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग-फ्लैग मार्च (Patrolling and Flag March) किए जा रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (Social Media Platforms) पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि जानवरों की कुर्बानी से जुड़े वीडियो या सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले भड़काऊ कंटेंट के प्रसार को रोका जा सके। बकरीद से पहले दिल्ली सरकार (Government of Delhi) ने पशुओं की खरीद-बिक्री और कुर्बानी को लेकर सख्त गाइडलाइन (Strict Guidelines) जारी की है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस बार सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित नियमों का पालन करने और धार्मिक गतिविधियां केवल तय स्थानों पर करने की अपील की है।
नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए राजधानी के सभी 13 जिलों में रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) तैनात की गई हैं। ये टीमें किसी भी शिकायत, विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति पर तुरंत कार्रवाई करेंगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सोशल मीडिया पर विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है। अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले कंटेंट पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
रैपिड रिस्पॉन्स टीम करेंगी चप्पे-चप्पे की निगरानी
दिल्ली सरकार के पशुपालन विभाग द्वारा गठित रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) अलग-अलग जिलों में लगातार निरीक्षण और निगरानी कर रही हैं। इन टीमों ने उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, मध्य, पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कई बाजारों और संवेदनशील इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पशुओं की खरीद-बिक्री और कुर्बानी से जुड़े नियमों के पालन की जांच की गई। प्रशासन की ओर से अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाए। सरकार ने पहले ही सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं देने की बात साफ कर दी है। पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही हैं, ताकि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके।
दिल्ली में कहां होगी कुर्बानी
बकरीद (ईद-उल-अजहा) को लेकर दिल्ली सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। विकास मंत्री कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) ने स्पष्ट कहा है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अवैध कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, जानवरों की खरीद-बिक्री सार्वजनिक स्थानों पर नहीं की जा सकेगी। साथ ही कुर्बानी केवल प्रशासन द्वारा तय की गई वैध जगहों पर ही करने की अनुमति होगी। सरकार ने साफ किया है कि सड़कों ,गलियों ,खुले सार्वजनिक इलाकों में कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इन जानवरों की कुर्बानी बैन
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बिना लाइसेंस मीट बेचने पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। एडवाइजरी में पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार रोकने पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार ने कहा है कि परिवहन के दौरान जानवरों के साथ क्रूरता या अवैध तरीके से ढुलाई की अनुमति नहीं होगी।
शांति भंग करने का प्रयास पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया (Social Media) के माध्यम से शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग ऐप्स पर निगरानी रखने के लिए साइबर टीमों को तैनात किया गया है। विशेष टीमें लगातार ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट, अफवाह, भड़काऊ संदेश या कुर्बानी से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड या प्रसारित न किए जा सकें। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से व्यवहार करें और किसी भी तरह की अफवाह या संवेदनशील सामग्री साझा करने से बचें।
संवेदनशील क्षेत्रों में आवाजाही पर कड़ी नजर
पूर्वी जिले की पुलिस ने अतिरिक्त बलों के साथ विभिन्न इलाकों में व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया, ताकि पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा सके और स्थानीय निवासियों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे। पुलिस ने बताया कि भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती उपायों को और मजबूत किया गया है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर पर दें। लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार शाम को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास अजमेरी गेट चौक से फ्लैग मार्च भी निकाला गया। अधिकारियों ने कहा कि ईद-उल-अज़हा का त्योहार राजधानी में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो, इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

