जितेंद्र सिन्हा, राजिम। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छुइहा में कक्षा 12वीं के छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आने से स्कूल में हड़कंप मच गया है। प्रभारी प्राचार्य महेंद्र साहू पर छात्रों को फटकार लगाने के साथ हाथ से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने ग्राम छुइहा के सरपंच एवं स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गजेश्वर सिन्हा के निवास पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तत्काल विद्यालय पहुंचे। उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों से घटना की जानकारी ली और शैक्षणिक संस्थान में विद्यार्थियों के साथ मारपीट की घटना की निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी दी।


छात्रों की शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे बीईओ
घटना की सूचना मिलने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी हेमंत साहू विद्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रभारी प्राचार्य से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान प्रभारी प्राचार्य ने छात्रों को अनुशासन में रखने के दौरान उन्हें डांट-फटकार लगाने और मारने की बात स्वीकार की। इसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। बीईओ हेमंत साहू ने बताया कि दोनों पक्षों का बयान लिया गया है। प्रकरण को जिला शिक्षा अधिकारी गरियाबंद को भेजा जाएगा और वहां से मिले मार्गदर्शन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के डर से छात्र भी सहमे
घटना के बाद कक्षा 12वीं के छात्र भी सहमे हुए बताए जा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि वे सालभर की पढ़ाई और आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए किसी तरह की ऐसी कार्रवाई नहीं चाहते, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो। हालांकि, विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के साथ कथित मारपीट को लेकर छात्रों और पालकों में नाराजगी बनी हुई है।
सप्ताहभर पहले भी उठे थे सवाल
बता दें कि करीब सप्ताहभर पहले भी छुइहा हाईस्कूल के प्रभारी प्राचार्य महेंद्र साहू के खिलाफ आर्थिक अनियमितता और स्कूली छात्रों के साथ दुर्व्यवहार से संबंधित शिकायतों का मामला सामने आया था। बताया गया है कि जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। ऐसे में अब छात्रों से कथित मारपीट का नया मामला सामने आने के बाद प्रभारी प्राचार्य की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सबकी नजर
फिलहाल बीईओ ने दोनों पक्षों के बयान लेकर प्रकरण को जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब जांच रिपोर्ट और अधिकारियों के मार्गदर्शन के बाद डीईओ इस मामले में प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। अब सभी की नजर शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

