हिसार। हरियाणा के हिसार के आजाद नगर थाना क्षेत्र के तलवंडी रुक्का गांव में शनिवार देर रात 89 वर्षीय बुजुर्ग महाबीर की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। वह अपने छोटे बेटे ओम प्रकाश के मकान के बाहर बने चबूतरे पर चारपाई पर सो रहे थे। चीख-पुकार सुनकर परिजन बाहर आए, लेकिन तब तक तीनों हमलावर बाइक से फरार हो चुके थे। पुलिस ने मृतक के बेटे बलवान की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

रात में सुनाई दी पिता के चिल्लाने की आवाज

पुलिस को दिए बयान में तलवंडी रुक्का निवासी बलवान ने बताया कि वह धारूहेड़ा में ट्रांसपोर्ट में नौकरी करता है। 14 अगस्त को वह गांव आया था। उसके पिता महाबीर अपने छोटे बेटे ओम प्रकाश के साथ रहते थे। वह रात में अक्सर ओम प्रकाश के मकान के आगे बने चबूतरे पर सोते थे।

बलवान के अनुसार, 15 अगस्त की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। वह अपने घर की छत पर सो रहा था। देर रात उसे गली से पिता के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। छत से नीचे देखने पर उसने तीन युवकों को चारपाई पर सो रहे महाबीर पर धारदार हथियारों से हमला करते देखा।

परिजनों के पहुंचने से पहले बाइक से भागे आरोपी

बलवान ने बताया कि वह तुरंत नीचे पहुंचा, लेकिन तब तक तीनों आरोपी हथियारों के साथ बाइक से फरार हो चुके थे। मौके पर उसके भाई ओम प्रकाश की पत्नी सुमन और भतीजा देवेंद्र भी पहुंच गए। परिजनों ने घायल महाबीर को संभाला।

परिजनों के मुताबिक, महाबीर के गले, सिर, छाती, हाथों और पैरों पर धारदार हथियारों के कई निशान थे। काफी खून बह रहा था। इसके बाद बलवान और उसके बेटे हिम्मत कुमार उन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल हिसार लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने महाबीर को मृत घोषित कर दिया।

लव मैरिज से जुड़े पहलू की भी जांच

बलवान ने पुलिस को बताया कि उसके भाई ओम प्रकाश के बड़े बेटे नरेश ने गांव रावतखेड़ा की बिश्नोई समाज की युवती से लव मैरिज की थी। शादी के बाद नरेश कहां रहता है, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है।

पुलिस इस तथ्य को भी जांच में शामिल कर सकती है। हालांकि, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

तीन अज्ञात युवकों पर केस

आजाद नगर थाना पुलिस ने मृतक के बेटे बलवान के बयान के आधार पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m