हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए चौधरीवास गांव के सरपंच अशोक कुमार को शनिवार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सरपंच ने गांव में स्थित एक दाल मिल के संचालक से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) पर हस्ताक्षर करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने ट्रैप बिछाकर आरोपी को घूस की रकम के साथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ एसीबी थाना हिसार में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
एनओसी के नाम पर मांगी थी 50 हजार की घूस
शिकायतकर्ता दाल मिल संचालक के अनुसार, उसे अपने मिल के संचालन के लिए ग्राम पंचायत से एनओसी प्राप्त करनी थी। जब वह इस सिलसिले में एनओसी पर हस्ताक्षर कराने के लिए सरपंच अशोक कुमार के पास पहुंचा, तो उसने बिना रिश्वत के साइन करने से साफ इनकार कर दिया। सरपंच ने एनओसी देने के बदले 50 हजार रुपये की मांग रखी।
एसीबी की हांसी यूनिट ने बिछाया जाल
रिश्वत मांगे जाने के बाद मिल संचालक ने इसकी शिकायत एसीबी की हांसी यूनिट से की। अधिकारियों द्वारा शिकायत की प्राथमिक पुष्टि किए जाने के बाद शनिवार को ट्रैप लगाया गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने सरपंच अशोक कुमार को रिश्वत के 50 हजार रुपये दिए, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही रंगेहाथ दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
विधायक रणधीर पनिहार का माना जाता है करीबी
गिरफ्तार सरपंच अशोक कुमार को नलवा से भाजपा विधायक रणधीर पनिहार का करीबी माना जाता है और दोनों कई मौकों पर एक साथ देखे गए हैं। बीते 22 सितंबर को चौधरीवास गांव में शौचालय और वाटर कूलर के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भी सरपंच विधायक के साथ मौजूद था। उस समय वहां लगाए गए उद्घाटन पत्थर पर ‘युग पुरुष स्वर्गीय भजनलाल चौक’ लिखा होने पर विवाद खड़ा हुआ था, जिस पर विधायक ने सरपंच का बचाव किया था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

