Ara News: भोजपुर जिले में आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक दिन पहले दिनदहाड़े युवक की हत्या की घटना की जांच में जुटी पुलिस के सामने रविवार की देर रात एक और बड़ी घटना सामने आ गई। संदेश थाना परिसर के अंदर गोली लगने से एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, वहीं थाना परिसर में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
मृत होमगार्ड जवान की पहचान 25 वर्षीय मोनल राय के रूप में हुई है। वह भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के गुलजारपुर गांव निवासी प्रेम शंकर राय के पुत्र थे। उनकी तैनाती संदेश थाने में थी।
पुलिस बैठक के दौरान विवाद की चर्चा
मिली जानकारी के अनुसार, संदेश थाना परिसर में पुलिसकर्मियों की बैठक के दौरान दो जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। इसी बीच थाना परिसर में गोली चलने की आवाज सुनाई दी और मोनल राय को गोली लग गई। गोली चलने के बाद परिसर में अफरातफरी मच गई। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर हुआ और गोली किन परिस्थितियों में चली, यह अभी जांच का विषय है।
आरा ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
गोली लगने के बाद घायल होमगार्ड जवान को तत्काल संदेश रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, आरा ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जवान की मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक और हड़कंप का माहौल कायम हो गया।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी अवधेश दीक्षित
घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। एसपी ने बताया कि गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी जांच की जा रही है। घटना के वास्तविक कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
थाना परिसर में ही जवान की मौत से उठे सवाल
इस घटना ने भोजपुर जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस थाना परिसर में आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाई जाती है, उसी परिसर में एक होमगार्ड जवान की गोली लगने से मौत हो जाना कई सवाल पैदा करता है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर थाना परिसर के अंदर गोली कैसे चली और इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है।
ये भी पढ़ें- ‘हम तुम्हारी गोली और गाली से नहीं डरते’, जेपी जयंती पर तेजस्वी यादव का केंद्र पर हमला

