Hong Kong Sixes 2026: हांगकांग सिक्सेस 2026 में अफगानिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार, 1 नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मोंग कोक में खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान के सामने 116 रन का लक्ष्य था, जिसे टीम ने महज 5.1 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इमरान मीर ने 14 गेंदों में नाबाद 53 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम की जीत में सबसे अहम भूमिका निभाई।

ऑस्ट्रेलिया ने 6 ओवर में बनाए 115 रन

फाइनल में पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने निर्धारित 6 ओवर में 5 विकेट खोकर 115 रन बनाए। टीम की ओर से मैक्स ब्रायंट ने सबसे ज्यादा 44 रन की पारी खेली। उन्होंने 14 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 4 छक्के लगाए।

निक हॉब्सन ने 8 गेंदों में 23 रन बनाए, जबकि अलेक्जेंडर इयान रॉस ने 10 गेंदों पर नाबाद 29 रन का योगदान दिया। उनकी पारी में 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। क्रिस ग्रीन ने एक गेंद पर छक्का लगाकर 6 रन बनाए। जैक वुड ने 5 गेंदों पर 5 रन बनाए, जबकि पैट्रिक डूले बिना खाता खोले रिटायर्ड आउट हुए।

अफगानिस्तान की ओर से नांगेयालिया खरोटे और करीम जनत ने 2-2 विकेट हासिल किए। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए 116 रन का लक्ष्य रखा।

इमरान मीर ने 14 गेंदों में ठोके नाबाद 53 रन

लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत आक्रामक रही। करीम जनत ने 5 गेंदों में 13 रन और गुलबदीन नाइब ने 6 गेंदों में 17 रन बनाए। हालांकि दोनों बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद इमरान मीर और फरमानुल्लाह साफ़ी ने मोर्चा संभाल लिया।

इमरान मीर ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए सिर्फ 14 गेंदों में नाबाद 53 रन बना दिए। उनकी पारी में 7 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। वहीं फरमानुल्लाह साफ़ी ने 7 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए। उन्होंने 4 छक्के लगाए।

दोनों बल्लेबाजों की तेज पारियों के दम पर अफगानिस्तान ने 5.1 ओवर में ही 119 रन बना लिए और 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने हांगकांग सिक्सेस 2026 की ट्रॉफी भी अपने नाम कर ली।

2010 के बाद ऑस्ट्रेलिया का खिताब जीतने का सपना टूटा

इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरी थी। टीम ने आखिरी बार 2010 में हांगकांग सिक्सेस का खिताब जीता था। इस बार भी ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन अफगानिस्तान ने खिताबी मुकाबले में उसे रोक दिया।

वहीं अफगानिस्तान पहली बार फाइनल में पहुंचा था और उसने अपने पहले ही खिताबी मुकाबले में जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। दोनों टीमें टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए फाइनल तक पहुंची थीं।

टूर्नामेंट में 11वें स्थान पर रहा भारत

हांगकांग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। 12 टीमों के इस टूर्नामेंट में ग्रुप-C में शामिल भारत को शुरुआती तीन मुकाबलों में लगातार हार का सामना करना पड़ा था। पहले मैच में पाकिस्तान ने भारत को 4 विकेट से हराया। इसके बाद UAE के खिलाफ 6 विकेट और इंग्लैंड के खिलाफ 3 विकेट से हार मिली।

लगातार तीन हार के बाद भारतीय टीम ने बांग्लादेश को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। हालांकि इस एक जीत के बावजूद भारत का अभियान 11वें स्थान पर समाप्त हुआ। दूसरी ओर अफगानिस्तान ने फाइनल जीतकर टूर्नामेंट का समापन चैंपियन के रूप में किया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H