रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में नारनौल रोड पर माजरा गांव के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मुर्गियों से भरे कैंटर को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कैंटर नारनौल से रेवाड़ी की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान राजस्थान के भैंसावता खुर्द गांव के रहने वाले 23 वर्षीय मुकेश (पुत्र मंदरूप) और 27 वर्षीय मुकेश (पुत्र मायाराम) के रूप में हुई है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और जांच जारी है।

