भिवानी में हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों की सील खुली मिलने और भारी मिसप्रिंटिंग को लेकर युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) में सामने आई भारी अव्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही ने प्रदेश के लाखों शिक्षित युवाओं के भविष्य पर एक बार फिर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। परीक्षा केंद्रों से लगातार बाहर आ रही गड़बड़ियों की खबरों के बाद प्रदेशभर के अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस संवेदनशील और गंभीर मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए युवा कांग्रेस नेता सुमित बराड़ ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने इस पूरी अव्यवस्था को सरकार की युवा विरोधी और रोजगार विरोधी सोच का एक और प्रत्यक्ष प्रमाण बताते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता पूरी तरह भंग हो चुकी है।
खुली सील और प्रश्न गायब होने से हड़कंप
युवा कांग्रेस नेता सुमित बराड़ ने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा साझा किए गए साक्ष्यों के अनुसार पीजीटी लेवल की परीक्षा में कई केंद्रों पर परीक्षार्थियों को पहले से खुली हुई सील वाले प्रश्न पत्र बांटे गए हैं। इसके अलावा आंसर बुकलेट और प्रश्न बुकलेट के नंबर आपस में मेल नहीं खा रहे थे जिससे परीक्षा हॉल में भारी भ्रम की स्थिति बनी रही। लापरवाही की हद तब पार हो गई जब पीजीटी अंग्रेजी के पेपर में सवाल नंबर 45 और 149 में मूल वाक्य ही गायब था। इतना ही नहीं प्रश्नपत्र में रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन पर आधारित कई सवाल तो पूछ लिए गए लेकिन पूरे पेपर में वह मुख्य पैसेज कहीं छपा ही नहीं था।
लगातार दूसरे दिन भी जारी रही लापरवाही
बराड़ ने कहा कि महालापरवाही का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा बल्कि रविवार को आयोजित हुई परीक्षा में भी व्यापक स्तर पर मिसप्रिंटिंग पाई गई। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने बताया कि पेपर में प्रश्न संख्या 135 पूरी तरह गायब था और उसकी जगह 136 नंबर का सवाल दो बार रिपीट कर दिया गया था। इस तरह की तकनीकी त्रुटियों के कारण अभ्यर्थियों का कीमती समय बर्बाद हुआ और उन्हें भारी मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे छात्रों की गूंज कार्यक्रम के तहत इस मुद्दे को सड़क से संसद तक पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।

