राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में अक्टूबर 2023 में हुए नाबालिग लड़की की खरीद-फरोख्त और मानव तस्करी के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी रग्गा उर्फ रघुराज अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर विदिशा पुलिस की ओर से ₹3,000 का इनाम घोषित था और वह एक अन्य दुराचार तथा पॉक्सो एक्ट के मामले में पहले से ही ग्वालियर जेल में सजा काट रहा था, जिसे अब पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर विदिशा लेकर आई है।
13 अक्टूबर 2023 से लापता थी नाबालिग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2023 को विदिशा से एक नाबालिग किशोरी अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। जांच के दौरान मानव तस्करों के एक बड़े गिरोह का सुराग मिला, जिन्होंने किशोरी को अगवा कर झांसी निवासी जितेंद्र प्रजापति को बेच दिया था।
आधार अपडेट से मिली लोकेशन, बरामद हुई किशोरी
मामले में बड़ा मोड़ 20 मार्च 2024 को आया, जब पीड़िता का आधार कार्ड अपडेट कराया गया। आधार अपडेट की लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए पुलिस को किशोरी के ग्वालियर जिले के ग्राम मवई (थाना रक्सा क्षेत्र) में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए किशोरी को सुरक्षित बरामद किया और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
राजधानी में कैब ड्राइवर पर जानलेवा हमलाः कार में की तोड़फोड़, चाकू लगने से ड्राइवर गंभीर रूप से घायल
खरीदने वाले मां-बेटे पहले ही जा चुके हैं जेल
जांच में सामने आया कि आरोपी रग्गा उर्फ रघुराज अहिरवार ने किशोरी का झांसी रेलवे स्टेशन से अपहरण किया था और उसे झांसी निवासी जितेंद्र प्रजापति को भारी रकम में बेच दिया था। किशोरी को खरीदने के आरोप में पुलिस ने जितेंद्र प्रजापति और उसकी मां अंगूरी बाई को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
आरोपी पर ₹3,000 का इनाम घोषित था
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) मोनिका तिवारी ने बताया कि नाबालिग की तस्करी में शामिल मुख्य आरोपी रग्गा अहिरवार पर ₹3,000 का इनाम घोषित था। वह ग्वालियर जेल में अन्य अपराध में सजा काट रहा था, जिसे इस मामले में पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए विदिशा लाया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


